मोतिहारी:राज्य में बदली हुई नई राजनीतिक परिस्थितियों के बीच सतारूढ़ जनता दल यू ने विधानसभा की एक एक सीट पर दांव साधने की कोशिशें तेज कर दी है। इसके लिए वह अपने पुराने मजबूत साथियों को जोड़ने की कवायद में है। इसी कड़ी में मधुबन से पूर्व विधायक शिवजी राय एक बार जदयू में शामिल कराने की तैयारी जोर शोर से की जा रही है। बताया जा रहा है कि 21 अक्टूबर को मधुबन के श्रीकृष्ण गोशाला प्रांगण में उनके जदयू में मिलने के लिए समारोह प्रस्तावित किया गया है। इसमें पार्टी के दिग्गज नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। यहां बता दें कि एक तरह से पूर्व विधायक शिवजी राय की यह घर वापसी जैसी होगी।
राजद ने नहीं दिया था टिकट
शिवजी राय 2005 से 2015 तक लगातार जदयू के टिकट पर मधुबन विधान सभा का चुनाव जीतते रहे। 2015 के चुनाव में भाजपा के राणा रंधीर सिंह ने इन्हें पराजित कर दिया। 2017 में महागठबंधन टूटने के बाद वे जदयू से नाराज होकर अलग हो गये और राजद में शामिल हो गए। इसके बावजूद राजद ने 2020 के चुनाव में उन्हें टिकट नहीं दिया, जिसपर पूर्व सांसद पप्पू यादव की पार्टी जाप से किस्मत आजमाया मगर, तीसरे नंबर पर चले गए।
शिवजी राय की इलाके में एक जुझारू नेता के रूप में पहचान है। हार के बाद भी वे क्षेत्र में सक्रिय हैं। उसमें भी सफलता नही मिली। उनके जदयू में मिलने के लिए कार्यक्रम के आयोजन की तैयारी जोर-शोर से की जा रही है। वे स्वयं क्षेत्र का दौरा कर रहे जदयू कार्यकर्ताओं तथा अपने समर्थकों को इसकी जानकारी दे रहे है। बहरहाल, उनके जदयू में मिलने से मधुबन समेत जिले की अन्य विधानसभा सीटों पर राजनीतिक समीकरण बदलने की संभावना जताई जाने लगी है।




