मुजफ्फरपुर : अनुसूचित जाति वर्ग समूह का कल्याण तभी होगा जब उन्हें शिक्षा से अनिवार्य रूप से जोड़ा जाएगा। उक्त बातें मंगलवार को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग भारत सरकार सुभाष पारधी ने समाहरणालय सभागार में हुई बैठक में कही।
तिरहुत प्रमंडल के सभी संबंधित जिलों में अनुसूचित जाति के सामाजिक आर्थिक विकास के लिए की जा रही कार्य योजनाओं की समीक्षा की।
उनके साथ संयुक्त सचिव राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ज्ञानेश्वर कुमार सिंह और निदेशक एसके सिंह भी जिले के अनुसूचित जाति के कल्याण के निमित किये जा रहे कार्यो की समीक्षा की।
राज्य स्तरीय समीक्षा होने से पूर्व आयोग द्वारा प्रमंडल स्तर पर समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को वे तिरहुत प्रमंडल की समीक्षा किये।
मुख्य रूप से अनुसूचित जाति वर्ग के छात्रों का विद्यालयों में नामांकन, उच्चतर वर्ग में प्रवेश उन्हें मिलने वाली छात्रवृति राशि की जिलावार समीक्षा हुई। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड से मिलने वाले लाभ, दलित महादलित टोलों में संपर्क पथ बैकों द्वारा इन वर्ग समूह को मिलने वाले ऋण आदि की समीक्षा में संयुक्त सचिव ने कहा कि सरकार के विभिन्न प्रावधानों के अनुकूल नियमानुसार योग्य पात्रों को लाभ पहुंचाए।
स्टेण्डप योजना, वन बैंक वन लोन के तहत ऋण प्रदान करने और अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि को ससमय लाभुकों को मिले इसकी स्पष्ट व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
लंबित सभी मुआवजा राशि के मामले को शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया गया। उनके आर्थिक कल्याण के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं केन्द्र एवं राज्य स्तर पर चलायी जा रही है। उन योजनाओं का लाभ ससमय लाभुकों तक पहुंचाने का दायित्व हम सभी का है।
इससे पूर्व आयोग ने जिले के एनजीओ के साथ बैठक कर उनसे फिडबैक प्राप्त किया। एनजीओ के सदस्यों ने दिव्यांग, आवास, शिक्षा, सड़क सम्पर्क आदि से संबंधित समस्याएं रखी। बैठक में माननीय सदस्य एवं पदाधिकारियों को पौधा एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
बैठक में आईजी पंकज कुमार सिन्हा, डीआईजी प्रणव प्रवीण कुमार, डीएम प्रणव कुमार, डीएम पूर्वी चंपारण शीर्षत कपिल, डीएम पश्चिमी चंपारण कुन्दन कुमार, डीएम वैशाली यशपाल मीणा, डीएम सीतामढ़ी मनेश कुमार मीणा, मुजफ्फरपुर के पुलिस अधीक्षक जयंत कांत सहित अन्य सभी जिला के पुलिस अधीक्षक, आयुक्त के सचिव अब्दुल हामिद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।




