भागलपुर. ‘मैं भी पढ़ी-लिखी हूं. कोई मुझे सड़क पर छेड़ेगा तो क्या मैं पहले थाना जाऊंगी. नहीं, पहले मारूंगी उसे.’ फुटपाथ पर दीया बेच रही एक युवती की प्रशासन के साथ अच्छी खासी झड़प हो गई तो पूरे बाज़ार में तमाशा हो गया. बात यहां तक बढ़ गई कि महिला पुलिस को बुलाकर उस लड़की व उसकी मां को कोतवाली ले जाया गया. अतिक्रमण के लिए उनका चालान काटकर उन्हें छोड़ा गया. लेकिन इस लड़की का आरोप है कि प्रशासन ने ज़्यादती की, तो पुलिस का कहना है कि यह लड़की बात का बतंगड़ बना रही है.
फुटपाथ पर दीये की अस्थाई दुकान लगाए बैठे एक परिवार की बेटी निकिता सोनी ने प्रशासनिक अमले के बर्ताव पर अच्छा खासा हंगामा खड़ा कर दिया. दरअसल, अतिक्रमण हटाने के लिए बुधवार को नगर निगम के कर्मचारी और अधिकारी खलीफाबाद इलाके में पहुंचे थे. इसी दौरान एक दुकानदार की बेटी और निगमकर्मियों की नोक-झोंक हो गई. पुलिस ने उसे गिरफ्त में लेने की कोशिश की, लेकिन वह लड़की इतनी सख्त थी कि गाड़ी में नहीं बैठी, पैदल ही अपनी मां के साथ कोतवाली पहुंची.
कोतवाली से पहले बाज़ार में इस लड़की को काबू करने जब महिला पुलिसकर्मी पहुंची तो वह उनसे भी उलझ गई. इन पुलिसकर्मियों के मुताबिक लड़की ने यह भी कहा- छोड़ो नहीं तो दांत से काट लूंगी. कुछ देर तक खींचतान भी होती रही. लड़की के पिता जब कुछ कहना चाह रहे थे तो वह बार-बार अपने पिता को साइड कर उनके सामने आ रही थी. लड़की किसी के समझाने पर भी कुछ नहीं समझना चाह रही थी.
‘विवाद के दौरान महिला करने लगी नाटक’
मौके पर मौजूद ट्रैफिक DSP प्रकाश कुमार ने कहा कि SDM धनंजय कुमार अतिक्रमण हटवा रहे थे. तभी यह लड़की उत्तेजित हो गई. एसडीएम ने जब शांत रहने को कहा तो वे लोग एसडीएम से भी उलझ गए. इसके बाद SDM ने इन लोगों को थाने ले जाने का आदेश दिया. इसी से लड़की और उत्तेजित होकर नाटक करने लगी. इसके बाद हम ने महिला पुलिस बल बुलाकर लड़की और उसकी मां को कोतवाली भेजा.
और लड़की ने कैसे सुनाया पूरा घटनाक्रम?
निकिता ने कहा कि वह बाज़ार में मां के साथ खरीदारी कर रही थी. तभी अतिक्रमण हटाने गए लोगों ने उसके पिता की दीए की दुकान गिरा दी. गिरे दीयों पर उसे और उसकी मां को भी धक्का दिया. निकिता ने कहा, ‘मैंने उनसे पूछा कि आप कमिश्नर हैं, तो उन्होंने कहा कि नहीं, निगम का अधिकारी हूं. फिर मैंने उनका आई कार्ड मांगा, तो वो लोग वहां से आगे बढ़ गए.’ कुछ दूर पर जब दोनों मां-बेटी को निगमकर्मी दिख गए तो फिर दोनों के बीच बहस हो गई. वहां हंगामा होने लगा तो खरीदारों की भीड़ में कुछ देर के लिए अफरातफरी सी मच गई.


