पटना.प्रशांत किशोर और नीतीश कुमार के बीच ज़ुबानी जंग जारी है और ये जंग लगातार राजनीतिक तौर पर मजेदार व गंभीर होती जा रही है. इसी बीच प्रशांत किशोर ने जब ये आरोप लगाया कि नीतीश कुमार फिर से बीजेपी के साथ जा सकते हैं. नीतीश कुमार ने इस बयान पर PK पर निशाना साधते हुए कहा था कि अपनी यात्रा को पब्लिसिटी दिलाने के लिए प्रशांत किशोर इस तरह का बयान दे रहे हैं.
नीतीश कुमार के इस आरोप पर प्रशांत किशोर ने एक बार फिर नीतीश कुमार पर निशाना साधा है. साथ ही नीतीश कुमार को पब्लिसिटी पाने का फंडा बता दिया है. नीतीश कुमार से आग्रह किया है कि अगर ऐसा कर लिया तो उन्हें भी जबरदस्त पब्लिसिटी मिल जाएगी.
जन सुराज पदयात्रा के 21वें दिन रामनगर पश्चिम चंपारण पहुंचे प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार के पब्लिसिटी वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि उन्हें पैदल चलने से पब्लिसिटी मिल रही है, तो मेरा नीतीश जी से आग्रह और सुझाव दोनों होगा कि वो भी पैदल चलें और पब्लिसिटी बटोरें. इसी बहाने जनता का कुछ भला हो जाएगा. मेरी यात्रा पर नजर गड़ाने वाले राजनीतिक दलों से भी आग्रह है कि जनता के बीच जाएं तब पता चलेगा कि जमीनी हकीकत क्या है.
लोगों से अपनी यात्रा के दौरान पदयात्रा का अपना अनुभव साझा करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि विकास के जो तथाकथित दावे हैं या जो किए जा रहे है, उससे जमीनी हकीकत एकदम उलट है. जनता मूलभूत समस्या से जूझ रही है और सरकार अपनी पीठ खुद थपथपा रही है.




