बेगूसराय : काली मेला देखने गए युवक की दोस्तों ने हीं हत्या कर दी। इसके बाद शव को मंगलवार की देर रात उसके घर के बाहर फेंक दिया। पांच भाई-बहनों में सबसे बड़े अविवाहित युवक की हत्या के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया। काफी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर एकत्रित होकर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
बड़ी बहन ने दी घटना की जानकारी
घटना छौड़ाही ओपी क्षेत्र के पार मालपुर गांव में घटित हुई। पुलिस एक युवक को हिरासत में ले पूछताछ कर रही है। मृतक पार मालपुर गांव निवासी महतो के पुत्र 20 वर्षीय पुत्र गोविंद कुमार कुशवाहा थे। घटना के संदर्भ में पार मालपुर निवासी गीता महतो की पुत्री माधुरी कुमारी का कहना है कि उनके सबसे बड़े भाई गोविंद कुमार कुशवाहा मालपुर पंचायत के हरकेषा गांव में आयोजित काली मेला देखने गए थे।
रात को फोन पर नहीं हुआ था संपर्क
रात 11:11 बजे में अपने भाई को फोन कर घर आने के लिए बोली। भाई ने 10 मिनट में घर पहुंचने की बात बताई। 11:30 बजे तक घर नहीं आने पर भाई के मोबाइल पर दर्जनों बार फोन करने के बावजूद देर रात तक फोन रिसीव नहीं हो पाया। मृतक की बहन का कहना है कि देर रात मालपुर गांव निवासी संजय कुमार महतो एवं गोविंद कुमार राम एक ईरिक्शा पर उनके भाई को लादकर लाए एवं उनके गोसाई घर में भाई को फेंक जाने लगे।
हादसे में घायल होने की कही थी बात
बहन ने जब संजय महतो और गोविंद राम से भाई के इस स्थिति में होने की बात पूछी तो दोनों युवक ने दुर्घटना में घायल होने एवं तुरंत इलाज कराने की बात का वहां से चले गए। इसके बाद घर के अन्य लोगों को सूचना दें डाक्टर को बुलाया गया। शरीर देखते ही गोविंद कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया गया। स्वजनों ने संजय महतो एवं गोविंद राम पर हत्या कर शव घर पर फेंक देने का आरोप लगाया है।

जहरीली चीज खिलाकर हत्या की आशंका
युवक की माता का कुछ वर्ष पूर्व ही देहांत हो गया है। मृतक गोविंद घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। तीन बहनों की विवाह की जिम्मेदारी भी उन्हीं के सिर पर थी। मृतक के शरीर पर दुर्घटना में घायल होने का कोई निशान नहीं था। लोगों को आशंका है कि काली मेला के दौरान जहरीली वस्तु खिलाकर युवक की हत्या कर दी गई। शव घर पर फेंकते बहन ने देख लिया इसलिए, मामला उजागर हो गया।

एक ही लड़की से प्रेम प्रसंग की चर्चा
ग्रामीण गांव के ही एक लड़की से दो दोस्त युवक के प्रेम प्रसंग होने एवं इसी कारण रास्ते से हटाने हेतु एक दोस्त की हत्या कर देने की चर्चा हो रही थी। दूसरी तरफ ग्रामीणों को आक्रोशित होते देख छौड़ाही ओपी अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार एवं एएसआई सुभाष चंद्र सिंह घटनास्थल पहुंचे।

पुलिस ने एक से की पूछताछ
मृतक के स्वजनों द्वारा आरोपित किए गए अजय महतो एवं गोविंद राम के घर छापेमारी की गई। गोविंद राम तो फरार हो गया। परंतु, संजय कुमार महतो को पुलिस ने उनके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। इस संदर्भ में ओपी अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। एक आरोपित को पकड़ा गया है। पूछताछ हो रही है।
