बिहार के समस्तीपुर जिला अंतर्गत विभूतिपुर में एक दलित युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए पहले उसकी पिटाई की गई और बाद में उससे थूक चटवाया गया। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अब इस पर राजनीति तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने सत्ताधारी दल राजद-कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है। वहीं जय भीम कहने वालों पर भी व्यंग्य किया है। वैसे अभी तक न तो पीड़ित और न ही उसके परिवार के किसी सदस्य ने इस मामले की शिकायत पुलिस के पास की है।
उठक-बैठक कराई गई
प्राप्त जानकारी के अनुसार विभूतिपुर थाना क्षेत्र के चकहबीब गांव में सीमावर्ती प्रखंड के एक गांव के युवक को रात्रि के वक्त भरी पंचायत में मौजूद लोगों ने थूक चटवाया। यहां पहले ग्रामीणों ने युवक को छेड़खानी का आरोप लगाकर पकड़ा और जमकर पिटाई की। इसके बाद दर्जनों लोगों के बीच उठक-बैठक कराई गई। बात इतने पर रुकी नहीं। उस युवक से थूक फेंकवा कर चटवाया गया। युवक के सामने दोबारा गांव में नहीं दिखने की शर्त भी रखी गई। इस घटना के दौरान लोग तमाशाबीन बने रहे।
कुछ कथित पंचायत प्रतिनिधियों के बीच हुई इस घटना के बाद युवक को पुलिस के हवाले किए बिना हीं छोड़ा दिया गया। इस कारण, युवक अपना घर छोड़कर कहीं अन्यत्र चला गया। किसी ने पूरे प्रकरण के कई छोटे-छोटे वीडियो तैयार कर इंटरनेट मीडिया पर अपलोड कर दिया। अब यह तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि,दैनिक जागरण इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
पुलिस ने अपने स्तर से जांच शुरू की
पंचायत के फैसला में भीड़ ने कानून को हाथों में लेकर युवक को सार्वजनिक रूप से दंड दिया। बताया जाता है कि शनिवार रात एक किशोरी के साथ छेड़खानी के आरोप में पकड़े गए सीमावर्ती प्रखंड के एक युवक को सजा दी गई है। वायरल होने के बाद वीडियो अब पुलिस तक पहुंच गई है। उस पर पुलिस की छानबीन शुरू हो गई। इससे गांव के पंचायत में शामिल लोगों में हड़कंप मचा है। रोसड़ा एसडीपीओ शिवम कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। इसे गंभीरता से लिया जाएगा। साथ ही युवक को थूक चटवाने वाले कथित लोगों को भी चिह्नित किया जाएगा।




