मुजफ्फरपुर: नगर थाना क्षेत्र के योगिया मठ इलाके में नशे में धुत एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लौट रही पुलिस पर बदमाशों ने हमला बोल दिया। आरोपितों ने पुलिस को निशाना बनाते हुए जमकर पथराव किया। इस दौरान दारोगा समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। इससे वहां अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद अन्य थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद स्थिति पर नियंत्रण हो सहा।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस वहां से लौटी। गिरफ्तार आरोपित की ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराई गई। इसमें उसके शराब पीने की पुष्टि हुई। आरोपित की पहचान योगियामठ के संजय कुमार के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल शराब मामले में आरोपित कर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वहीं कानून हाथ में लेकर पुलिस पर हमला करने वालों पर भी प्राथमिकी की कवायद की जा रही है।
पुलिस की ओर से विशेष जांच अभियान
बताया गया कि दीपावली की रात नशे में धुत लोगों के विरुद्ध पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि योगिया मठ मुहल्ले में एक व्यक्ति शराब पीकर हंगामा कर रहा है। उसके पास शराब की बोतल भी है। पुलिस पहुंची तो वहां लोगों की भीड़ लगी थी। पुलिस ने मौके से आरोपित को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से शराब की एक बोतल जब्त की गई।

पुलिस उसे गिरफ्तार कर वहां से निकली तो इलाके के लोगों ने छापेमारी दल पर हमला बोल दिया। सभी आरोपित को छुड़ाने का प्रयास करने लगे। पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार कर नोकझोंक की गई। इसी बीच कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। पुलिस के जवानों से हथियार छीनने की कोशिश की गई। सूचना पर अन्य थाने की पुलिस दल वहां पहुंची। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद पुलिस वहां से आरोपित को लेकर निकली। नगर थानाध्यक्ष श्रीराम सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कानून हाथ में लेने वालों की गिरफ्तारी की जाएगी।




