मोतिहारी: सुगौली थाना क्षेत्र अंतर्गत छपवा-तुरकौलिया रोड में गिद्धा चौक के समीप फिनो बैंक के सीएसपी संचालक से गुरुवार की दोपहर करीब 12:15 बजे अपराधियों ने हथियार के बल पर जख्मी कर 1.60 लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों की संख्या तीन बताई गई है, जो दो अपाची बाइक से आए थे। बाइक पर सवार दो बदमाशों ने सीएसपी संचालक को पिस्टल की बट से मार जख्मी कर दिया। इसके बाद रुपये लूटकर चलते बने। घटना की सूचना पुलिस पहुंच गई है और जख्मी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा है।

जख्मी प्रो. अनिल सिंह ने 18वें दिन हार गए जीवन से जंग
मोतिहारी। शहर के बलुआ टाल निवासी पं. उगम पांडेय महाविद्यालय के प्रो. अनिल कुमार सिंह अपराधियों की गोली से घायल होने के बाद 18वें दिन जीवन से जंग हार गए। बुधवार को उन्होंने पटना में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आठ अक्टूबर को बदमाशों ने उन्हें गोली मारी थी। इसके बाद गंभीर स्थिति में उनका इलाज पटना के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। उनका शव पटना से मोतिहारी लाया गया है। शव को देखने के लिए उनके घर पर उनके सगे-संबंधियों व परिचित लोगों के साथ गणमान्य लोग भी जुट रहे हैं। यहां बता दें कि 8 अक्टूबर को प्रो. अनिल कुमार सिंह बलुआ दुर्गा मंदिर से पूजा कर चांदमारी चौक के पास अवस्थित हनुमान मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी। जख्मी हालत में उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें पटना रेफर किया गया था।
शूटर की अब तक गिरफ्तारी नहीं
यहां बता दें कि इस मामले में प्रोफेसर अनिल के बड़े भाई टेंंट व्यवसायी शंभू सिंह ने नगर थाना में आवेदन देकर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जिले के डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के रामपुर खजुरिया गांव निवासी लाइनर साजन सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं शूटर की भी पहचान कर ली गई थी, जिसकी गिरफ्तारी अबतक नहीं हो सकी है। शूटर भी उसी गांव का निवासी सूरज तिवारी बताया गया था। विश्वविद्यालय से स्थायी मान्यता प्राप्त पं. एमएस कालेज के सेवानिवृत प्रो. अनिल कुमार सिंह के पिता गणेश प्रसाद सिंह अंगीभूत मुंशी सिंह महाविद्यालय में इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष थे। प्रो. अनिल कुमार ने दोपहर 3.30 बजे अंतिम सांस ली।





