छठ में याद आती है लालू की आस्‍था, वो CM रहते माथे पर दउरा लेकर नंगे पांव छठ घाट पहुंचना

पटना : बात छठ की हो तो राष्‍ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव व उनकी पत्‍नी राबड़ी देवी की याद बरबस आ जाती है। एक जमाना था, जब मुख्‍यमंत्री रहते हुए लालू नंगे पांव माथे पर दउरा लेकर पटना के छठ घाट पर जाते थे। छठ के प्रति लालू परिवार की आस्था में कोई कमी नहीं आई है, लेकिन बीते कुछ सालों से परिस्थितियों के कारण वहां छठ व्रत नहीं हो रहा है। इस साल भी लालू बीमार हैं तो राबड़ी भी दिल्‍ली में उनके पास हैं।

jagran

लालू परिवार की छठ महापर्व में खास आस्‍था।

लालू परिवार की छठ महापर्व में खास आस्‍था रही है। लालू के मुख्‍यमंत्री बनने के पहले से। लालू जब मुख्‍यमंत्री बन गए, तब भी वही आस्‍था कायम रही। छठी मइया के प्रति भक्ति ऐसी कि वे खुद नंगे पांव सिर पर दउरा (बांस से बनी बड़ी टोकरी) लेकर पटना के छठ घाट पर जाते थे। बाद में लालू को देखने के लिए छठ घाट पर उमड़ने वाली भीड़ से आम लोगों की परेशानी को देखकर परिवार ने अपने आवास पर ही छठ व्रत करने का फैसला किया। उसी समय से मुख्यमंत्री आवास पर राबड़ी देवी छठ करने लगीं।

कुछ सालों से छठ नहीं कर रहीं हैं राबड़ी देवी।

बदलते वक्‍त के साथ लालू परिवार सत्‍ता से दूर गया, लेकिन छठ व्रत के दौरान लालू-राबड़ी आवास में रौनक कायम रही। इस दौरान पूरा परिवार जुटता था। हालांकि, बीते कुछ सालों से राबड़ी देवी छठ व्रत नहीं कर रहीं हैं। साल 2018 में जब पटना में राबड़ी देवी ने छठ नहीं किया तो लालू दुखी हो गए थे। चारा घोटाला में लालू को जेल जाना पड़ा। इसी बीच वे बीमार हो गए। राबड़ी देवी की तबीयत भी खराब हो गई। हाल के वर्षों में लालू परिवार को कई राजनी‍तिक व व्‍यक्तिगत परेशानियों से भी जूझना पड़ा।

लालू की नजर में सबसे बड़ा इको फ्रेंडली पर्व।

लालू के अनुसार छठ विश्व का सबसे बड़ा इको फ्रेंडली, समतावादी और समाजवादी पर्व है। इसमें प्रयुक्‍त सभी सामग्री प्राकृतिक है। लालू के अनुसार छठ गीतों में स्त्री प्रधानता, समानता, सामाजिक समरसता, प्रकृति संरक्षण और जैव विविधता के कई संदेश होते हैं। यह पर्व इस लिहाज से भी खास है कि इसमें पंडित या पुरोहित की जरूरत नहीं है।

इस साल भी छठ पर राबड़ी आवास में सन्नाटा।

हाल के दिनों में लालू प्रसाद यादव जमानत पर रिहा होकर परिवार के साथ हैं। उनकी तबीयत भी पहले से बेहतर दिख रही है। महागठबंधन की सरकार में छोटे बेटे तेजस्‍वी यादव उपमुख्‍यमंत्री हैं तो बड़े बेटे मंत्री। तेजस्‍वी की शादी के बाद घर में नई बहु आने से भी खुशी का माहौल है। ऐसे में माना जा रहा था कि लालू परिवार में एक बार फिर छठ व्रत होगा। लेकिन ऐसा नहीं हो सका है। लालू प्रसाद यादव पहले से बेहतर जरूर हैं, लेकिन परिवार को उनके स्‍वास्‍थ्‍य की चिंता है। इस साल भी छठ के अवसर पर पटना स्थित राबड़ी आवास पर सन्नाटा पसरा हुआ है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.