कार्तिक पूर्णिमा पर ग्रहण लगने से पहले पटना, जहानाबाद समेत अन्य जिलों में कई परिवारों की खुशियों पर ग्रहण लग गया। पूर्णिमा के अवसर पर पवित्र स्नान के दौरान पटना एवं जहानाबाद में पांच की मौत हो गई। पटना में गंगा स्नान के दौरान तीन जबकि जहानाबाद के मखदुमपुर प्रखंड के बिशुनगंज ओपी क्षेत्र के धराउत गांव के योगेंद्र कुमार की पुत्री सविता कुमारी एवं रविशंकर प्रसाद की पुत्री पल्लवी कुमारी की मौत से हो गई। परिवार के साथ गांव में भी मातम पसर गया है। स्वजनों का विलाप से लोग मर्माहत हैं।
स्नान के दौरान गहरे पानी में चली गईं दोनों
बताया जाता है कि धराउत गांव के चंद्र पोखर में कार्तिक पूर्णिमा का स्नान करने के लिए काफी संख्या में महिलाएं, युवतियां और अन्य लोग पहुंचते हैं। इस बार भी अलसुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा था। सविता और पल्लवी भी स्नान के लिए पहुंची थीं। तालाब के किनारे सभी डुबकी लगा रहे थे। लेकिन सविता और पल्लवी पानी में आगे बढ़ गईं। इससे उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों डूबने लगीं। यह देखकर किनारे खड़ी महिलाओं ने शोर मचाया। काफी लोग वहां जुट गए। तैरने में माहिर युवक तालाब में कूदे। दोनों युवतियों को किसी तरह बाहर निकाला। वे दोनों अचेत थीं। आनन-फानन में दोनों को मखदुमपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां डाक्टरों ने जांच कर दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से गांव में कोहराम मच गया।
आपदा राहत के तहत दी जाएगी मुआवजा राशि
सविता और पल्लवी की मौत की खबर के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। लोग उस पल को कोसने लगे जब दोनों तालाब में नहाने गई थीं। घटना से गांव के लोग भी काफी मायूस हैं। उनका कहना है कि खुशियों पर ग्रहण लग गया। सूचना पर बिशुनगंज ओपी पुलिस पहुंची और दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ ने बताया कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत मुआवजा राशि दी जाएगी।




