नवादा : बिहार सरकार के मुखिया नीतीश कुमार के शराबबंदी अभियान का मज़ाक़ उनके ही सरकारी कर्मी उड़ा रहे हैं। जबकि सरकार ने सभी सरकारी कर्मी से शपथ लिया है कि ना तो वह शराब पिएंगे और ना किसी दूसरे को पिलाएंगे। उसके बाद भी विद्या के मंदिर में शराबी शिक्षक का करतूत सामने आया है। यह मामला शुक्रवार को नवादा जिले के रजौली प्रखंड के चितरकोली पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय गोपालपुर में देखने को मिला।
पूरी करतूत मोबाइल में हुई क़ैद
विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक किशोरी प्रसाद रमन शराब के नशे में धुत होकर विद्यालय पहुंचे और विद्यालय में पदस्थापित महिला शिक्षक सुनैना कुमारी के साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। जिसके बाद महिला शिक्षक ने शराबी शिक्षक की पूरी करतूत अपने मोबाइल में कैद कर ली और इसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। इस मामले में महिला शिक्षक ने बीडीओ अनिल मिस्त्री को लिखित आवेदन देकर शिक्षक के विरुद्ध जांच करते हुए उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
बीडीओ से कार्रवाई की मांग
इस मामले में बीडीओ ने कहा कि महिला शिक्षिका के द्वारा लिखित आवेदन दिया गया है। पूरे मामले की जांच के लिए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को कहा गया है। जांच के बाद शिक्षक पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। बता दें कि बिहार में अप्रैल 2016 से ही शराब बंद है। फिर भी शराब के दीवाने इस कानून को बिल्कुल हल्के में लेते हैं। शायद यह इसीलिए क्योंकि कई पुलिस पदाधिकारी ही शराब बंदी के कानून को ठेंगा दिखाने में लगे हुए हैं और अपनी जेब की कमाई मोटी कर रहे हैं।




