बेगूसराय : छौड़ाही ओपी क्षेत्र के बड़ीजाना गांव में पति एवं सास ने मिलकर विवाहिता की खंती से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटनाक्रम के दौरान बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया गया था। महिला की मौत के बाद आत्महत्या की अफवाह फैला दी गई। बाद में मायके वालों के जुटने पर बंद कमरे से निकाले गए बच्चों ने अपनी मां की हत्या की पोल खोल दी। पुलिस ने हत्यारे पति ओपी क्षेत्र के नारायणपीपड़ पंचायत के बड़ीजाना गांव निवासी फिरोज आलम को गिरफ्तार कर लिया।
बच्चों को कमरे में किया बंद
घटना के संबंध में मृतका 35 वर्षीय समीना खातून के 12 वर्षीय पुत्र मो. मुर्शीद आलम ने छौड़ाही पुलिस को बताया है कि बुधवार को वह अपने बड़े भाई खुर्शीद आलम एवं छोटी बहन आठ वर्षीय चांदनी के साथ स्कूल से घर आए थे। उस समय मां के साथ पापा और दादी लड़ाई कर रहे थे। इसके बाद मां घर से बाहर चली गई। मां समीना खातून को बुलाकर दादी अहमदी खातून व पापा फिरोज आलम के पास लाए तो पापा ने हम तीनों भाई बहन को एक कमरे में बंद कर दिया एवं बाहर से कुंडी लगा दी। दूसरे कमरे से मां की चीख सुनाई दे रही थी। देर रात में पापा मां के जहर खाकर खुदकुशी कर लेने की बात जोर-जोर से कहने लगे।
गर्दन मरोड़कर की हत्या
इसकी सूचना पर मृतका के मायके खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के सिरसी गांव से काफी लोग जमा हो गए। इसके बाद बच्चों को कमरे से बाहर निकाला गया। दूसरे कमरे में समीना का लहूलुहान शव पड़ा था। उसका सिर फटा हुआ था एवं गर्दन भी टूटी हुई थी। बगल में ही खून से सना खंती भी रखा था। इससे अंदेशा जताया गया कि खंती से सिर पर प्रहार करने के बाद गर्दन मरोड़ कर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार
मृतका के पिता ने छौड़ाही पुलिस को घटना की सूचना दी। छौड़ाही पुलिस उसके घर से ही शव बरामद कर मृतका समीना खातून के पति बड़ीजाना निवासी फिरोज आलम को भी गिरफ्तार कर लिया।इस संबंध में छौड़ाही ओपी अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका के मायके वाले पति द्वारा पत्नी की हत्या कर देने संबंधी आवेदन दिए हैं। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।



