बिहार के इस शहर में न्यूयॉर्क की तर्ज पर बन रहा तारामंडल, जानें कब से कर सकेंगे दीदार….

दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले में निर्माणाधीन तारामंडल सह विज्ञान संग्रहालय के लोग बहुत जल्द दीदार कर सकेंगे. इस तारामंडल का आधुनिक तरीके से निर्माण कराया जा रहा है, जो कि पूरी तरह से न्यूयॉर्क मॉडल पर आधारित है. बता दें कि यहां के कंसलटेंट न्यूयॉर्क के ही हैं. यह तारामंडल अपने आप में अनूठा होगा. जबकि दरभंगा में बनने वाले तारामंडल में 164 करोड़ की लागत आएगी.दरभंगा में निर्माणाधीन तारामंडल के प्रोजेक्ट इंजीनियर अब्दुल बारी ने बताया कि न्यूयॉर्क की तर्ज पर दरभंगा में तारामंडल का निर्माण कार्य चल रहा है और इसके कंसलटेंट न्यूयॉर्क से ही हैं. यह भारत और बिहार का नंबर वन तारामंडल बनेगा. इस तरह मंडल में आधुनिकता का समावेशन किया जा रहा है, जिससे आस-पास के लोगों को काफी फायदा होने वाला है.

साइंस म्यूजियम से मिलेगा बच्चों को ज्ञान
प्रोजेक्ट इंजीनियर अब्दुल बारी ने बताया कि यहां तारामंडल के अलावा साइंस म्यूजियम भी तैयार हो रहा है जिससे यहां के बच्चों को भी बहुत कुछ सीखने को मिलेगा. बच्चों को तारामंडल में साइंस से जुड़ी पूरी जानकारी मिलेगी और उन्हें साइंस के साथ अपने आगे की पढ़ाई में भी काफी मदद मिल सकती है. इस तारामंडल में अंतरिक्ष के बारे में जानकारी दी जाएगी. साथ ही ग्रहों के बारे में और उपग्रहों के बारे में भी बच्चों को रोचक जानकारी मिलेगी. वहीं, खगोलीय विद्या के बारे में भी बताया जाएगा.

164 करोड़ की लागत से बन रहा है तारामंडल
दरभंगा में 164 करोड़ की लागत से बनने वाला यह तारामंडल यहां के लोगों को विज्ञान संग्रहालय के साथ खगोलीय ज्ञान और तारों की सैर कराएगा. इसके पहले फेज में 74 करोड़ की लागत से कार्य किया जा चुका है. सेकंड फेज का कार्य चल रहा है.संभावना जताई जा रही है कि दिसंबर महीने से यहां लोग तारों की सैर कर सकेंगे. इस तारामंडल में प्रयोग किए जाने वाले सामग्री को चंडीगढ़ से मंगवाया जा रहा है. तारामंडल घूमने आने वालों के लिए विशेष सुविधा का भी इंतजाम किया गया है, जिसमें आपको तारामंडल के अंदर ही कैफेटेरिया की सुविधा दी जाएगी. साथ में पार्किंग से लेकर गार्डन तक की व्यवस्था यहां पर की जा रही है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading