मुजफ्फरपुर : बोचहां थाना क्षेत्र में नाबालिग से एक युवक ने दुष्कर्म की कोशिश की। नाबालिग के विरोध करने पर आरोपित ने उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर मौके पर पहुंची उसकी मां के साथ भी आरोपित ने मारपीट की। आरोपित के हमले में नाबालिग के दाहिने कंधे की हड्डी टूट गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मामले को लेकर पीडि़ता की मां ने बोचहां थाने में तीन लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत की है। पुलिस का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
शौच से लौटते वक्त दबोचा
पीडि़ता की मां ने पुलिस को बताया कि पिछले पखवारे उनकी बेटी घर से शौच करने बाहर गई थी। लौटने के दौरान आरोपित उसे पकड़कर पास के झाड़ी में ले गया, और उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। बेटी के विरोध किए जाने पर आरोपित ने उसकी पिटाई कर दी। उसके शोर मचाने पर जब उसकी मां वहां पहुंची और विरोध किया तो आरोपित ने उनके साथ भी मारपीट किया।
मारपीट में उसकी बेटी घायल हो गई है। नाबालिग की मां ने पुलिस को बताया कि घटना को लेकर जब वह आरोपित के स्वजन से शिकायत की तो उन दोनों के साथ मारपीट की। साथ ही मामले को पंचायती से सुलझाने को कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया। इसके बाद मामले की लिखित शिकायत बुधवार को थाने में की। बोचहां के प्रभारी थाना प्रभारी शिवनाथ सिंह ने बताया कि घटना की लिखित शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







