RCP बोले- बिहार में तुरंत शराब दुकानें खोले सरकार:कहा- पर्यटकों को डराता है शराबबंदी का अनाउंसमेंट, करोड़ों का हो रहा नुकसान

नालंदा। पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने सीएम नीतीश पर हमला करते हुए कहा है कि शराबबंदी के कारण बिहार में पर्यटक नहीं रुकते हैं। उन्होंने कहा कि पटना एयरपोर्ट पर उतरते ही जहां पर्यटकों का स्वागत किया जाना चाहिए, उन्हें शराबबंदी के नाम पर डराया-धमकाया जाता है। नालंदा के अपने पैतृक गांव मुस्तफापुर में बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धाजंलि देने के बाद ये बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि बिहार में और चीजों के अलावा कल्चर बहुत रीच है। हमारे यहां नालंदा है, राजगीर है, पावापुरी है, बोधगया है, बगहा है। यहां बहुत पर्यटक स्थल हैं, जहां लोग आते हैं। लेकिन लोग क्यों बड़ी संख्या में नहीं आ रहे हैं, इसके पीछे कई कारण हैं।

पहला कारण यहां एक भी 5 स्टार होटल नहीं है।आप किसी भी छोटे राज्य में चले जाइए। उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू कहीं भी चले जाएं। यहां तक कि झारखंड में 5 स्टार होटल है। बिहार में क्यों नहीं हैं? सरकार का ध्यान ही नहीं है। राजगीर में आप पर्यटक चाहते हैं। इसके पीछे एक और बड़ी वजह बिहार में शराबबंदी है।

उन्होंने कहा- मैं बताता हूं, आप प्लेन से जब पटना एयरपोर्ट पर उतरते हैं, तब वहां जो एनाउंसमेंट होता है…पता नहीं मुख्यमंत्री जी को कैसा लगता होगा। लेकिन मैं अपनी बात बताता हूं…जब पटना एयरपोर्ट पर उतरते हैं तो सबसे पहले सुनने को मिलता है – आप बिहार पहुंच गए हैं। यहां शराब पीना अपराध है।

शराब रखना अपराध है। बताइए…जब प्लेन लैंड करे बिहार में तो बताना चाहिए कि यह बुद्ध की धरती है, महावीर की धरती है। यहां आपका स्वागत है। हमारे यहां नालंदा यूनिवर्सिटी है, उसका प्रचार होना चाहिए न। लेकिन यहां तो आपको सबसे पहले ही डराया जाता है। इससे पर्यटन पर असर पड़ता है। लोगों का अपना लाइफस्टाइल होता है।

उन्होंने आगे कहा- आप देखिए…लोग वाराणसी से यहां घूमने आते हैं। दिनभर घूमते हैं…और नाइट हॉल्ट कहां करते हैं…वापस वाराणसी जाकर। वो यहां आते…रुकते…ठहरते…तो क्या होता…यहां के लोगों का रोजगार बढ़ता न। राजगीर से खूबसूरत कोई जगह है….लेकिन लोग आएंगे क्यों? बिहार में अब बड़े लोग शादी-समारोह नहीं कर रहे। बड़ी कंपनियां मेडिकल कॉन्फ्रेंस नहीं कर रही हैं अब।

मैं तो कहता हूं कि तत्काल शराबबंदी को खत्म कर देना चाहिए। और तो और…अब ताड़ी बेचनेवालों को पकड़ रहे हैं। वो कभी गांव में रहे हैं..देखिए गांव में कितना ताड़ का पेड़ है…कहां जाएंगे लोग…क्या रोजगार करेंगे? लोग हमेशा से ताड़ी पीते रहे हैं। आप नीरा की बात करते हैं। ताड़ी दिन में तीन बार निकलता है। एक ही बार तीनों टाइम का ताड़ी कैसे निकल जाएगा। कौन उनको यह सब समझा दिया है।

इससे पहले मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने अपने पैतृक गांव में बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कहा कि बाबासाहेब का अद्वितीय योगदान अपने राष्ट्र निर्माण में रहा है। संविधान ड्राफ्टिंग कमिटी के बाबा साहब चेयरमैन रह चुके हैं। उन्होंने लालू यादव व उनकी बेटी रोहिणी के स्वास्थ्य की कामना भी की। कहा कि वह जल्द से जल्द स्वस्थ होकर विदेश से वापस अपने घर लौटें, हम यही कामना करते हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading