मुजफ्फरपुर : अब दो पाली में ओपीडी चलेगी। इसलिए अब कोई भी मरीज बिना इलाज के वापस नहीं जाए, उन्हें बेहतर इलाज की सुविधा मिले। मरीजों को लिखी जाने वाली दवा भी उन्हें मिलनी चाहिए।
ये बातें मातृ शिशु अस्पताल में आयोजित बैठक में सिविल सर्जन डॉ.उमेश चंद्र शर्मा ने चिकित्सकों से कहीं। उन्होंने कहा कि जब तक ओपीडी चलेगी, चिकित्सक अपने कक्ष में ही बैठे रहेंगे।
अपनी ड्यूटी खत्म होने के बाद ही वे अपने कक्ष से बाहर निकलेंगे। इस दौरान अगर एक भी मरीज आता है, तो उसका इलाज करें। अस्पताल की व्यवस्था बदल गयी है।
हर दिन डॉक्टर कितने मरीजों का इलाज करते हैं, इससे मुख्यालय को भेजनी है। रात्रि में जिनकी ड्यूटी रहती है, वे समय पर अपनी ड्यूटी पर आए। आइपीडी में राउंड के लिए भी अलग रोस्टर बनाया गया है।
मरीजों को देखना भी उनकी जिम्मेदारी है। भर्ती मरीज की स्थिति क्या है, कितने मरीज भर्ती किए गये हैं, इसका भी डाटा तैयार होना है।
सीएस ने उपाधीक्षक डॉ.एनके चौधरी से कहा कि ओपीडी के समय राउंड लगा देखें कि डॉक्टर अपने कक्ष में हैं या नहीं। अगर नहीं हैं, तो उनकी जगह किसी और डॉक्टर की ड्यूटी तैनात करें। इस मौके पर एसीएमओ डॉ.सुभाष कुमार, डॉ.सीके दास, डॉ.रंजन कुमार, डॉ.चंद्रशेखर, डॉ.चिन्मय शर्मा मौजूद थे।



