मतदाता सूची से सैकड़ों वोटरों के नाम गायब, सूची दुरुस्त करने की मांग

मुजफ्फरपुर : नगर निगम चुनाव में बड़े पैमाने पर शहरवासी मतदान से वंचित हो सकते हैं। शहर के बालूघाट समेत अलग-अलग इलाकों से मतदाता सूची से लोगों के नाम गायब होने का मामला सामने आया है।

इस संबंध में कई शहरवासियों ने उप निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की है। लोगों ने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के साथ सूची को दुरुस्त करने की मांग की है।

बालूघाट के जंगली माई स्थान के समीप रहने वाले रिटायर बैंक अधिकारी कृष्ण मोहन मिश्रा व उनके पूरे परिवार का नाम वोटर लिस्ट से गायब है। इस संबंध में उन्होंने आसपास के लोगों से बातचीत की तो पता चला कि उन लोगों के नाम भी सूची से गायब हैं।

वहीं बालूघाट के ब्रह्मस्थान के समीप रहने वाले पूर्व प्राचार्य प्रो. नवल किशोर प्रसाद सिंह व उनके दर्जनों पड़ोसी के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं। इस संबंध में उन्होंने पूर्व पार्षदों व आसपास के लोगों से जानकारी ली।

इसके बाद प्रो. सिंह व उनके पड़ोसियों के नाम वार्ड 18 में मिले, जबकि प्रो. सिंह व इस इलाके के दर्जनों लोग वार्ड 17 में लंबे समय से वोट डाल रहे हैं।प्रो. सिंह ने बताया कि वार्ड 18 का मतदान केंद्र करीब दो किमी दूर एमएसकेबी कॉलेज पर है। कई लोगों ने बीएलओ के स्तर पर कार्य में कोताही बरने के साथ ही मतदाता सूची निर्माण में साजिश का आरोप लगाया।

इस संबंध में उप निर्वाचन अधिकारी सत्यप्रिय कुमार ने बताया कि कई लोगों ने मतदाता सूची से नाम हटाने व दूसरे वार्ड में शामिल करने की शिकायत की है। इस संबंध में जांच कर आगे की कार्यवाही की जायेगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.