भागलपुर. बिहार STF को आज दो बड़ी कामयाबी मिली है. पहली कामयाबी एसटीएफ (STF) ने भागलपुर जिला के कहलगांव थानांतर्गत सिंचाई कॉलोनी में छापामारी कर मिनीगन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है. वहीं, दूसरी तरफ सीवान पुलिस की सहयोग से दुर्दांत अपराधी मो. फैसल को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है.

बताते चलें कि पहली कार्रवाई के दौरान STF ने भागलपुर के कहलगांव थानांतर्गत सिंचाई कॉलोनी में छापेमारी कर मिनीगन फैक्ट्री का उद्भेदन किया. इस कार्रवाई के दौरान STF ने चार हथियार तस्कर जिसमें चन्द्रशेखर यादव, प्रेम राज उर्फ सोनू कुमार निराज अंसारी और बिट्टू उर्फ अनवर खान को दबोच लिया है. बताते चलें कि अनवर मुंगेर जिला के कोतवाली थाना क्षेत्र का रहने वाला है और यह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पिछले काफी समय से अवैध हथियार बनाया करता है.
बिहार STF ने सिवान पुलिस के सहयोग से सीवान का कुख्यात वांछित अपराधी मो. फैसल उर्फ तौफिक को गिरफ्तार कर लिया है. तौफीक की गिरफ्तारी दिल्ली के साहिन बाग थाना क्षेत्र से STF ने की है. मिली जानकारी के मुताबिक, फैसल अपने सहयोगी के साथ मिलकर अप्रैल 2022 में सीवान में रईस खान पर अंधाधुंध फायरिंग किया था. इसके अलावा इस पर सिवान जिला के हुसैनगंज थाना कांड संख्या 92/22 दिनांक 05.04.2022 धारा 302 / 120 (बी) / 307 भा0द0वि0 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है.
इस बात की जानकारी जब STF को हुई तो STF की विशेष टीम ने सटीक योजना बनाते हुए इन सभी को हथियार बनाने के दौरान ही गिरफ्तार कर लिया. STF ने इन सभी की गिरफ्तारी के दौरान इनके ठिकाने से दस पिस्टल सेट, एक लेथ मशीन, एक मिलिंग मशीन, एक ड्रिल मशीन, एक ग्राइंडर मशीन, एक वेल्डिंग मशीन के साथ हथियार बनाने के कई और उपकरण भी बरामद किए है.


