दरभंगा. सेना का नाम सुनकर हर किसी की उम्मीद जग उठती है, लेकिन आज हम आपको बताएंगे दरभंगा के ’बुलेट सेना’ के बारे में. यह बुलेट सेना दरभंगा जिले के आसपास के जिले में भी अपना सहयोग जरूरतमंदों को देती है. विगत 7 वर्षों से बुलेट सेना असहाय लोगों के लिए सहारा बनती रही है, चाहे परिस्थिति कैसी भी हो. बाढ़ की त्रासदी हो या फिर कड़ाके की ठंड या कोरोना जैसी महामारी हर परिस्थिति में यह बुलेट सेना अपने सदस्यों के साथ निरंतर असहाय लोगों की सहायता में लगी रहती है. इसी दौरान कड़ाके की ठंड को देखते हुए बुलेट सेना के द्वारा जरूरतमंदों के बीच में कंबल वितरण का कार्य किया गया.

इस सेना में शामिल होने के लिए चहिए ’बुलेट’
बुलेट सेना के अध्यक्ष राकेश कुमार झा ने बताया कि बुलेट सेना में सभी सदस्यों के पास बुलेट होना अनिवार्य है. इसमें 73 सदस्य हैं. हमलोगों को जहां जानकारी मिलती है लोगों को जरूरत है, हमारी टीम तत्काल वहां पहुंच कर मदद करती है. इसमें सभी कार्यकर्ताओं का और सदस्यों का भी सराहनीय सहयोग शुरू से ही मिलता रहा है. बुलेट सेना के सदस्य अंकुर गुप्ता ने बताया कि बुलेट अपने आप में एक आकर्षक गाड़ी है. जिसके कारण सड़क पर चलने पर लोग एक बार उसे जरूर देखते हैं. इसीलिए इस सेना का नाम बुलेट सेना रखा गया है. अगर किसी को मदद चाहिए तो 9934774068 पर फोन कर सकतें हैं.

सिर्फ युवाओं की है टीम
इसमें सभी नौजवान लोग हैं. युवा वर्ग के लोग हैं और जहां जरूरत होती है, लोगों को मदद करने के लिए हम लोग एक साथ पहुंच जाते हैं. हर परिस्थिति में हम लोग सभी असहाय लोगों की सहायता के लिए हर वक्त तैयार रहते हैं. बुलेट सेना के सदस्य रणधीर आचार्य ने बताया कि बुलेट सेना दरभंगा जिले के अलावा समस्तीपुर और मधुबनी जिले में भी जरूरतमंदों के बीच कार्य कर रही है.





