मुजफ्फरपुर: गणतंत्र दिवस के मौके पर शहर में शुरु हुआ स्वच्छता सप्ताह बुधवार को समाप्त हो गया, पर गंदगी की समस्या बरकरार रही। गली- मोहल्ला, मेन रोड व चौराहों से लेकर व्यावसायिक इलाकों तक कमोबेश एक ही स्थिति है। अघोरिया बाजार, इमलीचट्टी चौराहा, बैंक रोड, मोतीझील व अन्य इलाकों में सड़क पर कूड़े का ढेर जमा है। व्यस्त सड़क या व्यावसायिक इलाकों में भी नियमित सफाई नहीं हो पा रही है।

अघोरिया बाजार के पास एलएनटी कॉलेज के बगल वाली गली में सड़क पर नाले की गाद रखी है। गंदगी और दुर्गंध के कारण राहगीरों का सांस लेना भी मुहाल है। इमलीचट्टी चौराहा व बैंक रोड में कूड़े के पास कुत्ता व अन्य पशु विचरण करते दिखे। मामले में मेयर निर्मला साहू ने कहा कि सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सफाई की मुहिम आगे भी जारी रहेगी।




