दरभंगा. बिहार के दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना की गश्ती दल पर दोकली पंचायत में ग्रामीणों ने अचानक हमला बोल दिया. इस हमले में जहां एक तरफ गश्ती वाली पुलिस जीप के शीशे चकनाचूर हो गए. वहीं एक महिला पुलिसकर्मी दारोगा प्रिती सिंह चोटिल हो गई हैं और एक चौकीदार विसो पासवान का सर भी फट गया है जिन्हें इलाज के लिए आनन-फानन में अस्पताल भेजा गया. घटना के समय गश्ती दल के साथ महिला पुलिस अधिकारी मौजूद थी. इसके बाद तत्काल महिला पुलिस अधिकारी ने घटना की सूचना अपने वरीय अधिकारी को दी.
बताया जाता है कि जहां यह घटना हुई, वहां थोड़ी देर पहले ही दरभंगा उत्पाद विभाग की टीम छापेमारी कर दो महिला को शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार कर लौटी थी. महिला की गिरफ्तारी से ग्रामीण नारज थे. इसी बीच बहादुरपुर थाने की गश्ती दल वहां पहुंच गयी. तभी ग्रामीणों ने पुलिस गश्ती दल पर ही लाठी डंडे के साथ ईंट-पत्थर से हमला कर दिया. किसी तरह पुलिस वालों ने भागकर अपनी जान बचाई. लेकिन घटना में कई पुलिस वाले चोटिल भी हो गए. घटना की सूचना जिला को मिलते ही भारी संख्या में मौके पर पुलिस बल को भेजा गया. हालांकि तबतक ग्रामीण अपने अपने-अपने घरों में कैद हो गए थे.
घटना में घायल चौकीदार विशो पासवान ने बताया कि वह रोजाना की तरह पुलिस गश्ती के साथ अपने इलाके में थे. तभी गांव वालो ने अचानक ईंट पत्थर के आलावा लाठी डंडे से हमला बोल दिया जिसमे न सिर्फ उनका सर गया बल्कि जीप का शीशा भी चकनाचूर हो गया. किसी तरह लोगों की भीड़ से जान बचाकर भाग पाया.
विशो चौकीदार के घायल होने के बाद दरभंगा चौकीदार संघ के अध्यक्ष मनीष पासवान भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. उन्होंने चौकीदारों पर लगातार हो रहे हमले को लेकर चिंता जाहिर करते हुए दरभंगा के एसएसपी से सीधे मदद की गुहार लगाई है. उन्होंने कहा कि चौकीदार शराब मफिया के निशाने पर हैं और उन्हें हमेशा मारा-पीटा जाता है.
ग्रामीणों के गुस्से का शिकार हुई पुलिस
मनीष पासवान ने दरभंगा उत्पाद विभाग की टीम पर ग्रामीणों से गलत व्यवहार करने और बात-बात में लाठी डंडे बरसाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज भी जब उत्पाद विभाग की टीम यहां शराब कारोबारी की तालाश में छापेमारी की तब लोगों पर लाठी डंडे चलाने लगी जिस कारण ग्रामीण गुस्से में थे और ग्रामीणों के गुस्से का शिकार बहादुरपुर थाने का गश्ती दल हो गया.


