मुजफ्फरपुर : भगवान भोलेनाथ की शादी और बारात को लेकर शहर में चहल-पहल तेज हो गई है। बाबा गरीबनाथ मंदिर सहित अन्य शिवालयों में शिव-पार्वती विवाहोत्सव को लेकर धूम है। शुक्रवार को पूजा-मटकोर का आयोजन किया जाएगा। शनिवार को विवाह की प्रक्रिया शुरू होगी। बाबा भोलेशंकर को मऊरी चढ़ाकर बारात निकाली जाएगी। इस पावन अवसर पर महिलाएं मंगल गीत गाएंगी।
इस अवसर पर बाबा गरीबनाथ मंदिर सजधज कर पूरी तरह से तैयार है। इसके अलावा ब्रह्मपुरा स्थित बाबा सर्वेश्वर नाथ मंदिर, पीएनटी चौक स्थित बाबा शक्तिनाथ मंदिर, बेला इमली चौक स्थित बाबा शिव मंदिर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। भोज-भंडारे के आयोजन का हर तरफ इंतजाम किया जा रहा है। शहर के व्यवसायी भी बाबा की बारात में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेंगे और बारात में शामिल भूत-पिशाचों के लिए पानी, नाश्ते आदि कई प्रकार के पेय पदार्थों का इंतजाम करेंगे।
24 घंटे खुला रहेगा बाबा गरीबनाथ मंदिर
महाशिवरात्रि के दिन शनिवार की सुबह चार बजे से बाबा गरीबनाथ मंदिर का पट खुल जाएगा। इस अवसर पर मंदिर 24 घंटे से भी अधिक समय तक खुला रहेगा। बाबा गरीबनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित विनय पाठक ने बताया कि शनिवार की सुबह चार बजे मंदिर का पट खुलने के बाद अगले दिन रविवार को दोपहर 12 बजे बंद होगा। इस दिन चारों पहर की पूजा होगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को मटकोर पूजा के बाद प्रसाद का वितरण होगा और महाशृंगार तथा महाआरती भी होगी। शादी की रस्म में महिला श्रद्धालु भाग लेकर मंगल गीत गाएंगी। उसके बाद मऊरी चढ़ाकर बाबा की बारात शहर में निकाली जाएगी।
अन्य शिवालयों में भी विशेष पूजा की तैयारी
बाबा सर्वेश्वरनाथ मंदिर के महंत संजय कुमार ओझा ने बताया कि सुबह से शाम तक विशेष पूजा के साथ प्रसाद वितरण होगा। बेला इमली चौक पंचमुखी हनुमान मंदिर के प्रधान पुजारी नीलमणि पाठक ने बताया कि शुक्रवार से 24 घंटे का अष्टयाम कीर्तन प्रारंभ होगा, जिसमें अखंड रामधुन का पाठ होगा। इस दौरान रामचरित मानस का भी पाठ होगा। 24 घंटे हवन का भी कार्यक्रम होगा। शनिवार को बाबा के महाशृंगार के बाद शंकर भगवान, राम भगवान के विवाह कीर्तन का कार्यक्रम होगा। इस दौरान महाप्रसाद का भी वितरण होगा।



