पूर्णिया. बिहार के पूर्णिया जिले में अपराध की बड़ी घटना हुई है. मामला अमौर थाना के खाड़ी पंचायत से जुड़ा है जहां के मुखिया साबिर आलम के घर बीती रात भीषण डकैती हुई. इस दौरान डकैतों ने लोगों पर तीन बम भी फेंका जिसमें कुछ लोगों को मामूली झटका लगा है. घटना की सूचना मिलते ही अमौर थाना प्रभारी राजीव आजाद समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए. घटना के बाबत स्थानीय सरपंच जाकिर ने कहा कि रात के करीब 12 बजे हथियार से लैस करीब 10-12 डकैत खिड़की का रड तोड़कर घर में घुसे और हथियार के बल पर पहले सभी को बंधक बना लिया.

इसके बाद घर से नगद और गहना समेत लाखों रुपए की संपत्ति लूट ली. उन्होंने कहा कि डकैत करीब 40 मिनट तक तांडव मचाते रहे. हालांकी सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शीघ्र ही घटनास्थल पर पहुंच गए लेकिन ग्रामीणों की दबिश के कारण डकैत वहां से भाग गये. थाना प्रभारी राजीव कुमार आजाद ने बताया कि जैसे ही उन्हें डकैती की सूचना मिली वो यहां पहुंचे हैं. 10 से 12 की संख्या में हथियारबंद डकैत यहां पहुंचे थे, बम भी फेंका है लेकिन किसी को कोई खास नुकसान नहीं हुआ है.
उन्होंने कहा कि फिलहाल परिजनों ने लिखित शिकायत नहीं दी है लेकिन जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. गौरतलब है कि नदी में पुराना घर कट जाने के कारण मुखिया साबिर आलम ने हाल में ही नये घर में शिफ्ट किया था. उस इलाके में उनका ईंट भट्ठा भी है. मुखिया के घर डकैती की सूचना से लोग आश्चर्यचकित हैं. बहरहाल देखना है कि पुलिस कब तक आरोपी डकैतों को गिरफ्तार कर पाती है.




