MLC चुनाव में जीत के बाद अवधेश नारायण सिंह और जीवन कुमार भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचे। अटल सभागार यहां प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने उनका भव्य स्वागत किया। सम्राट चौधरी ने दोनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। प्रदेश अध्यक्ष ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि भाजपा बिहार के विधान परिषद में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। इसके बाद बिहार की जनता, मगध के शिक्षकगण और ग्रेजुएट साथियों को धन्यवाद देता हूं कि उनके मत के अधिकार के कारण भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनी है।
सम्राट चौधरी ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भी अपने इतिहास से अधिक को दोहराने का काम करेगी। इतना ही नहीं 2025 के विधानसभा में भी दो तिहाई से अधिक सीटों पर जीतकर बिहार में सरकार बनायेगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिहार की जनता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पूरी तरह थक चुकी है। लोगों को लग रहा है कि मुख्यमंत्री जी कहीं बीमार तो नहीं हैं। कहीं उन्हें फिर से किसी गठबंधन की जरूरत तो नहीं है। इसलिए वह आने वाले चुनाव में जरूर जवाब देंगे।
गठबंधन के लोग कहीं टिकने वाले नहीं हैं
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की जनता पूरी तरह से समझती है कि कितने प्रधानमंत्री को देखना है। ममता दीदी, अरविंद केजरीवाल, अखिलेश यादव, स्टालिन समेत कई लोग प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं। क्या खिचड़ी की सरकार बनाकर देश में घोटाला और भ्रष्टाचार को आगे बढ़ाना है। 2004 से 2014 तक जनता ने देखा कि कोयला घोटला से लेकर कितने घोटला हुए। जनता सब देख रही है इसलिए गठबंधन के लोग कहीं टिकने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बिहार 7 पार्टी मिल जाए या 20 पार्टी, पीएम मोदी के नेतृत्व में बिहार की जनता भाजपा की सरकार बनायेगी।
कभी हमलोग 2 सीट पर उभरे थे, आज 303 पर
गुरुवार को हमलोगों ने 44वां स्थापना दिवस मनाया। कभी हमलोग 2 सीट पर उभरे थे, आज हमलोग 303 सीट पर हैं। पूरा संगठन लगातार भाजपा को आगे बढ़ाने का काम कर रहा है। 2024 के लोकसभा में तो जनता महागठबंधन का खाता भी नहीं खुलने देगी। 2025 के विधानसभा चुनाव में भी जनता भाजपा का साथ देगी। 2005 से लगातार जनता नीतीश कुमार को देख रही है।
भाजपा के 24 MLC विधान परिषद् में…
विधान परिषद चुनाव में गया शिक्षक निर्वाचन और स्नातक निर्वाचन दोनों ही सीटों पर भाजपा ने महागठबंधन को मात दी। यहां शिक्षक निर्वाचन से भाजपा के जीवन कुमार ने जदयू के संजीव श्याम सिंह को हराया। वहीं स्नातक निर्वाचन में भाजपा के अवधेश नारायण सिंह ने राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे डॉ. पुनीत सिंह को हराया। इस तरह विधान परिषद् में भाजपा के 24 और रालोजपा के 1 सदस्य हो गए। कुल मिलाकर NDA के 25 सदस्य विधान परिषद् में हैं। वहीं जदयू के 23, राजद के 14, कांग्रेस 4, CPI और हम के एक- एक सदस्य हैं।