शेखपुरा: बिहार के शातिर बदमाश ठगी के नए-नए पैंतरे अपना रहे हैं। लॉटरी में कार देने, बड़ी कंपनियों की एजेंसी दिलाने और बैंक लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने के बाद अब ठग धार्मिक यात्रा के नाम पर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। उत्तराखंड में अभी चल रही केदारनाथ यात्रा के नाम पर भी ठगी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में उत्तराखंड से आई विशेष पुलिस टीम ने शेखपुरा जिला का शेखोपुरसराय थाना के महबतपुर गांव में छापेमारी करके ठगी के आरोपी दो सगे भाइयों बाबी रविदास और सनी रविदास को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। छापेमारी शेखोपुरसराय पुलिस की मदद से की गई। दोनों गिरफ्तार भाइयों को शेखपुरा की स्थानीय अदालत में प्रस्तुत करने के बाद उत्तराखंड के देहरादून के चलानी थाना की पुलिस अपने साथ ले गई।
शेखोपुरसराय के थाना प्रभारी कौशलेश कुमार ने बताया महबतपुर गांव के सहोदर भाइयों बाबी और सनी ने केदारनाथ यात्रा के लिए देहारादून से हेलीकाप्टर बुकिंग के नाम पर कई लोगों से आठ लाख रुपये की ठगी कर ली। दोनों भाइयों ने देहरादून से केदारनाथ तक की हेलीकॉप्टर सेवा देने वाली कंपनी के नाम पर यह ठगी की और बुकिंग के पैसे ऑनलाइन अपने बैंक खाते में मंगवाए।
मोबाइल लोकेशन के आधार पर पकड़ाए शातिर
इसको लेकर हेलीकॉप्टर सेवा प्रदान करने वाली कंपनी ने देहरादून के चलानी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दोनों की पहचान और गिरफ्तारी उसके मोबाइल लोकेशन के आधार पर की गई।
ठगी के गढ़ बने शेखोपुरसराय के गांव
बता दें साइबर ठगी का गढ़ बने जिला के शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों में पिछले 5 साल में देश के लगभग सभी राज्यों की पुलिस ने छापेमारी की है और तीन दर्जन से अधिक साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है।

