बिहार : जन सुराज अभियान के तहत पदयात्रा कर रहे प्रशांत किशोर रविवार शाम सकरा प्रखंड की डिहुली इसहाक पंचायत के पहाड़पुर गांव पहुंचे। पदयात्रा में शामिल लोगों का भव्य स्वागत हुआ। ढोल-नगाड़ा, घोड़े व डीजे पर देशभक्ति गीत के साथ पदयात्रा सकरा में प्रवेश की।यहां प्रशांत किशोर को ग्रामीणों ने लड्डू से तौला। पदयात्रा पहाड़पुर गांव से होकर खानपुर प्यारे, खेमाईपट्टी होते हुए डिहुली गांव पहुंची।
यहां प्रशांत किशोर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के स्कूलों में खिचड़ी और कॉलेजों में डिग्री बंट रही है। बिहार में शिक्षा व्यवस्था चौपट हो चुकी है। लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि गरीबी व बदहाली से निकलने का मंत्र देने आए हैं। बिहार जैसी गरीबी और दुर्दशा देश के किसी भी राज्य की नहीं है। बच्चों की पढ़ाई, खेती को कमाई का जरिया बनाएंगे तभी तरक्की होगी।
जदयू व राजद पर भी जमकर हमला बोला। कहा कि पीएम बिहार के विकास को लेकर दस सालों में एक बार भी बैठक नहीं किए। वोट के समय स्वार्थी बने और अपने बच्चों की पढ़ाई, रोजगार के लिए जात-पात व धर्म से हटकर वोट डालें। तभी बिहार की दशा बदलेगी। नए विकल्प के रूप में जन सुराज को चुनें। पदयात्रा व जनसभा में मुरौल प्रमुख मनोज कुमार राय, मुखिया डॉ. प्रज्ञा कुमारी, अवधेश सिंह, राजेश कुमार मिश्रा, जिप अनिल कुमार, पूर्व जिप रबिंद्र राय, रंजीत सिन्हा, जयंती कुमारी, सुधीर कुमार पांडेय, शिव कुमार झा आदि ने भी अपने विचार रखे।