भोजपुर: शहरी क्षेत्र में महिलाओं और खासकर स्कूल-कोचिंग जाने वाली छात्राओं पर अक्सर मनचले फब्तियां कसते रहते हैं. कई बार तो छात्राएं छेड़खानी की भी शिकार हो जाती हैं. ऐसे में इन महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा देने व मनचलों पर नकेल कसने के लिए भोजपुर पुलिस ने अच्छी पहल की है. दरअसल, आरा शहर में महिला सिपाहियों की एक खास टीम बनाई गई है. इस टीम में शामिल पुलिसकर्मी कोचिंग और स्कूल-कॉलेजों के आसपास बाइक से गश्त लगाती रहती हैं. साथ ही छत्राओं से भी अपडेट लेती रहती हैं. भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि बाइक सवार 8 महिला पुलिसकर्मियों की टीम बनाई गई है. ये न सिर्फ छात्राओं की सुरक्षा के लिए सावधान रहती हैं, बल्कि लड़कियों को परेशान करने वाले शोहदों पर भी नकेल कसती हैं. आने वाले दिनों में इस टीम का और विस्तार करेंगे.
गुड टच – बैड टच
एसपी ने बताया कि महिला पुलिस टीम स्कूली छात्र-छात्राओं को गुड टच और बैड टच को लेकर भी जागरूक करती हैं. इसके अलावा बिना हेमलेट और ट्रिपल लोड कम उम्र के बाइकर्स की भी जांच कर रही है. इस दौरान अभिभावकों को कॉल कर बाइक नहीं देने की नसीहत भी दी जा रही है. एसपी ने बताया कि इस टीम को बनाने का उद्देश्य स्कूल व कोचिंग में पढ़ने वाली छात्राओं को सुरक्षा प्रदान करना है, ताकि छात्राएं भयमुक्त होकर पढ़ाई कर सकें. महिला ब्रिगेड टीम के काम का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. सावन के बाद टीम में 12 महिला सिपाहियों को रखा जाएगा. 6-6 की टीम बनाकर शहर में छात्रहित में माहौल बनाया जाएगा.

ऐसे काम करती है ब्रिगेड
यह टीम न सिर्फ महिलाओं की सुरक्षा के लिए सुबह से शाम तक काम करती रहती है, बल्कि स्कूलों और कोचिंग संस्थानों के आसपास घूमने वाले मनचलों के खिलाफ भी कार्रवाई करती है. टीम की महिला पुलिसकर्मी स्कूली बच्चियों को गुड टच और बैड टच की जानकारी देते हुए जागरूक भी करती है. चार बाइक पर सवार 8 महिला सिपाही सुबह 8 से देर शाम 8 बजे तक स्कूल, कोचिंग और भीड़-भाड़ वाले एरिया में भम्रण करते रहती है और छात्राओं को सुरक्षा प्रदान करती है.