बिहार के मुंगेर जिला में बरियारपुर में सोमवार की रात एक महिला के पैर में डेढ़ घंटे तक सांप लिपटा रहा और महिला डरी सहमी भगवान का नाम लेते हुए बुत बनी रही। इस बीच मौके पर जुटे लोगों ने भजन-कीर्तन शुरू कर दिया। लगभग डेढ़ घंटे बाद सांप महिला के पैर को मुक्त कर चला गया।
दरअसल बिरयारपुर के कल्याणटोला गांव में सोमवार की रात मनोज मंडल की पत्नी पुतुल देवी कमरे में बिस्तर पर मच्छरदानी लगाकर सोयी थी। रात करीब दो बजे पुतुल देवी को लगा कि पैर में कुछ लिपटा है। उठकर देखा तो उसके होश उड़ गये। मच्छरदानी से बाहर निकले पैर में सांप लिपटा था। महिला डर से कांपने लगी। डर इतना कि कुछ बोल नहीं पा रही थी।
सिर्फ बुदबुदा रही थी। हिम्मत जुटाकर उसने किसी तरह पास सो रहे बेटे एतवारी को जगाया। एतवारी जगा तो मां को कांपते देखा। मां ने पैर की ओर इशारा किया तो एतवारी के भी होश उड़ गये। उसने कमरे से बाहर निकलकर घर के अन्य सदस्यों को बताया। घर के लोग आ गये लेकिन किसी को यह नहीं सूझ रहा था कि पैर में लिपटे सांप को कैसे भगाएं।
घर वाले को जब कुछ नहीं सूझा तो भगवान से पुतुल देवी की रक्षा करने की गुहार लगाने लगे। इस बीच अन्य लोग भी जमा हो गये और भजन-कीर्तन शुरू कर दिया। लगभग डेढ़ घंटे के बाद सांप महिला के पैर को मुक्त कर कमरे से बाहर निकल गया। तब जाकर महिला और घरवालों की जान में जान आयी।