पटना. देवोत्थान एकादशी के बाद आज से शुभ मुहूर्त शुरू हो रहा है. अब 4 महीने बाद शहनाई की गूंज सुनाई देगी. इस बार 24 नवंबर से 15 दिसंबर तक शुभ दिन में कई शुभ मुहूर्त है जिसमें शादी विवाह के साथ-साथ गृह प्रवेश मुंडन समेत सारे शुभ काम किया जा सकेंगे. दरअसल करीब 4 महीने के इंतजार के बाद शुभ मुहूर्त शुरू हुआ है.

इस बार सावन महीने में अधिक मास लगने के कारण लोगों को एक महीना अधिक लग्न के लिए इंतजार करना पड़ा. 24 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच लगभग 17 लग्न शुभ मुहूर्त है. शादी एक पवित्र रिश्ता होता है जिसे शुभ मुहूर्त के बिना नहीं किया जाता है. यही वजह है कि लोग शुभ मुहूर्त का इंतजार करते हैं. आज से शुभ कार्य शुरू हो रहे हैं जिसके मद्दे नजर बाजार में फूलो की डिमांड भी बढ़ गई हैं. सबसे अधिक रजनीगंधा और गुलाब के फूलों की डिमांड हो रही है क्योंकि इन दो फूलों से दूल्हे के बग्गी या फिर कार को सजाया जाता है.
इसके साथ ही साथ घर सजावट के लिए गेंदे के फूल की भी डिमांड आज से खूब बढ़ गई है. शादी के लिए लोग वरमाला की भी खरीदारी कर रहे हैं. 400 में वरमाला भी बाजार में उपलब्ध है. वहीं दूल्हे के बारात ले जाने के लिए घोड़े और बग्गी की विशेष तैयारी की जा रही है. घोड़ा मलिक राजू यादव ने बताया कि दो-तीन महीना पहले से ही उनके सारे बग्गी और घोड़े की बुकिंग हो गई है और आज से उनके सारे घोड़े और बग्गी शाम में दूल्हे के साथ बारात जाने के लिए बिल्कुल तैयार हैं.