कल होगा सोनपुर मेले का उद्घाटन; सीसीटीवी से होगी निगरानी, हरिहरक्षेत्र सज-धज कर तैयार

बिहार : सोनपुर में लगने वाला हरिहरक्षेत्र मेला सज-धज कर लगभग तैयार है। इस ऐतिहासिक मेले का उद्घाटन शनिवार को होगा। इसके बाद एक माह तक लगातार मेले की रौनक बनी रहेगी। हाट-बाजार में खरीदारी से लेकर प्रत्येक दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उद्घाटन से पूर्व पर्यटन विभाग की ओर से मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

सोनपुर मेले में आने वाले सैलानियों के लिए करीब 20 अत्याधुनिक स्विस काटेज बनाए गए हैं। पहले इसका किराया मांग के अनुसार घटता-बढ़ता रहता था, मगर इस बार किराया एक समान 2500 रुपये प्रतिदिन रखा गया है। सोनपुर मेले में आने वाले पर्यटकों के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की ओर से एकदिवसीय तथा दो दिवसीय टूर पैकेज की भी व्यवस्था की गई है। स्टेट पार्टनर मणिपुर और कंट्री पार्टनर नेपाल के साथ टाईअप कर भी कई आयोजन किए जाएंगे।

अस्त्र-शस्त्र की बिक्री पर होगी रोक

सोनपुर मेले की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव के स्तर से अलग-अलग विभागों को दिशा-निर्देश जारी किया गया है। संपूर्ण मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरा लगाने, मेला क्षेत्र को जोन में बांटकर अस्थायी थाना और पुलिस पोस्ट की व्यवस्था करने का निर्देश गृह विभाग और स्थानीय जिला प्रशासन को दिया गया है। निजी थियेटरों की विशेष निगरानी के लिए भी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया है। मेले में अस्त्र-शस्त्र की बिक्री पर रोक होगी। इसके अलावा अन्य सभी प्रकार की प्रतिबंधित वस्तुओं पर सख्ती से रोक लगाने का निर्देश दिया गया है। पर्याप्त पुलिस बल के साथ अग्निशमन दल और घाटों पर सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की तैनाती भी की गई है। मेला अवधि के दौरान 24 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।

हाथियों के आदान-प्रदान पर होगी रोक

मेले के दौरान हाथी एवं अन्य वन्यप्राणियों की खरीद-बिक्री, व्यापार एवं हस्तांतरण की मनाही होगी। किसी भी रूप में दान या किसी भी विधि से हाथियों का आदान-प्रदान भी नहीं किया जाएगा। सिंगल यूज प्लास्टिक और थर्मोकाल निर्मित वस्तुओं के उपयोग पर भी रोक लगाई गई है।

कैसे हुई थी बिहार में सोनपुर मेले की शुरुआत, जानिए मेले से जुड़ी हुई  रहस्मयी बातें

हस्तशिल्पियों के लिए क्राफ्ट विलेज, फूड कोर्ट भी

सोनपुर मेले में आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज बसाया गया है, जहां छोटे-छोटे हस्तशिल्पियों को स्टाल दिए जाएंगे। उद्योग विभाग की ओर से खादी स्टाल भी लगाने की योजना है। इसके अलावा मेले के दौरान पुस्तक मेले, खेल गतिविधियों, पैनल डिस्कशन, विपश्यना प्रशिक्षण, जोश-टाक, फूड कोर्ट आदि की भी व्यवस्था की गई है।

सोनपुर मेले में प्रतिनियुक्त किए गए 23 डाक्टर

सोनपुर में लगने वाले मेला को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने 23 डाक्टरों की प्रतिनियुक्ति की है। प्रतिनियुक्त डाक्टर अलग-अलग बीमारियों के विशेषज्ञ हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।सारण की जिला स्वास्थ्य समिति ने सोनपुर मेले में स्वास्थ्य समिति द्वारा लगाए जाने वाले स्वास्थ्य स्टाल के लिए कुछ डाक्टरों को प्रतिनियुक्त करने का आग्रह किया था।

जिले की इस मांग को देखते हुए विभाग ने मेला स्टाल और स्टाल में जांच के लिए आने वाले रोगियों की जांच के लिए 23 डाक्टरों की प्रतिनियुक्ति की है। यहां औषधि, स्त्री रोग, शिशु रोग, सर्जन, ईएनटी, नेत्र रोग के चार-चार डाक्टर प्रतिनियुक्त किए हैं। इनमें आधे डाक्टर सारण जिले से और आधा तिरहुत से यहां भेजे गए हैं। डाक्टरों में तीन सर्जन भी हैं। यह सभी डाक्टर सोनपुर मेला अवधि 25 नवंबर से 26 दिसंबर तक मेला स्टाल में ही अपनी सेवाएं देंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading