वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी में हैं. वह चौबेपुर उमरा स्थित स्वर्वेद मंदिर पहुंच चुके हैं. यहां उन्होंने विश्व के सबसे बड़े साधना केंद्र का लोकर्पण कर इसकी भव्यता को निहारा. पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित किया. थोड़ी देर में प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर यहां से सीधे उड़ान भरकर सेवापुरी के बरकी गांव पहुंचेगा. जहां पर एक लाख लोगों की जनसभा स्थल पर पहुचेंगे. प्रधानमंत्री मोदी दोपहर लगभग 1:00 बजे से लेकर 2:10 तक सभा स्थल पर ही आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा ग्रामीण का हिस्सा बनेंगे और यहां पर लाभार्थियों से मुलाकात करेंगे. इसके बाद पीएम मोदी लगभग 2:15 से लेकर 3:15 तक 19000 करोड़ रुपए की योजनाओं की सौगात देंगे.

25000 कुंडीय स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ में शामिल होंगे पीएम
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगभग 19154 करोड़ से भी ज्यादा की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे. जिसमें 12578.91 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 6575.61 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है. इसके बाद जनता को संबोधित करेंगे. इसके बाद लगभग 3:30 पर पीएम मोदी वाराणसी से दिल्ली के लिए रवाना होंगे. पीएम आज जिस स्वर्वेद मंदिर पहुचेंगे वो बहुत खास है. सद्गुरु सदाफल देव विहंगम योग संस्थान की ओर से वाराणसी के उमरहा में यह बनाया गया है. स्वर्वेद महामंदिर के निर्माण कार्य 2004 से शुरू हुआ 19 सालों से अभी तक बन रहा है, जो साधना का विशालतम केंद्र माना जा रहा है. यह भारतीय स्वतन्त्रता संग्राम के अमर सेनानी महर्षि सदाफलदेव जी महाराज और सद्गुरु सदाफलदेव विहंगम योग संत समाज से संबंधित है. आज पीएम स्वर्वेद मंदिर में होने वाले कार्यक्रम विहंगम योग संत समाज के शताब्दी समारंभ महोत्सव और 25000 कुंडीय स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ में शामिल होंगे.

स्वर्वेद महामंदिर की ये है खासियत
स्वर्वेद महामंदिर सात मंजिला है. जब इसकी नींव रखी गई तो इसकी लागत 35 करोड़ थी, लेकिन अबतक कितने पैसे लगे इसका हिसाब ही नहीं. हालांकि इस मंदिर को तैयार करने वाली टीम का मानना है सिर्फ मंदिर में 100 करोड़ और पूरे परिसर में 500 करोड़ खर्च हो गए. 64 हजार स्कवायर फीट में यह मंदिर बनाया गया है. यह दुनिया का सबसे बड़ा मेडिटेशन सेंटर भी है. इस 7 मंजिला मंदिर में 20000 लोग एक बार में मेडिटेशन कर सकते हैं. यहां के अनुयायी भारत के करीब सभी राज्यों एवं विदेश में भी हैं. इस सुपर स्ट्रक्चर की काफी चर्चा हो रही है. इस मंदिर में मकराना मार्बल का इस्तेमाल किया गया है, जिसमें 3137 स्वर्वेद के दोहे लिखे गए हैं. इसमें कमल के आकार का गुंबद बना हुआ है
इन योजनाओं का पीएम करेंगे शिलान्यास
4000 करोड़ से चित्रकूट में 800 मेगावाट का सोलर पार्क, 1076 करोड़ से मिर्जापुर में न्यू पेट्रोलियम ऑयल टर्मिनल, 1971.91 करोड़ से वाराणसी-भदोही 4 लेन चौड़ीकरण, 279.86 करोड़ से जल जीवन मिशन ग्रामीण की 69 परियोजनाएं, 119.74 करोड़ से बीएचयू के ट्रामा सेंटर में 150 बेड का क्रिटिकल केयर अस्पताल, 84.79 करोड़ से पीडब्ल्यूडी की 13 सड़कों का चौड़ीकरण, 138.77 करोड़ से दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए आवासीय विद्यालय, 15 करोड़ से 8 गंगा घाटों का पुनर्विकास, 14.40 करोड़ से अलईपुर के पास रेल लाइन पर सब-वे, 14.41 करोड़ से नक्खी घाट के पास रेल लाइन पर सब-वे, 4.71 करोड़ से ग्राम पिसौर, शिवपुर में कल्याण मंडप, 13.55 करोड़ से आईटीआई करौंदी में प्रशिक्षण अवस्थापना का उच्चीकरण, 3.55 करोड़ से महिला आईटीआई चौकाघाट में प्रशिक्षण, 12.91 करोड़ से सारंगनाथ परिसर का पर्यटन विकास.
)
इन 23 परियोजनाओं का होगा लोकार्पण
1.16 करोड़ से राजकीय महिला डिग्री कालेज बरेका में शिक्षण कक्ष व प्रयोगशाला, 166.14 करोड़ से लहरतारा-फुलवरिया-शिवपुर मार्ग 4 लेन सड़क, 93.15 करोड़ से लहरतारा-फुलवरिया-शिवपुर मार्ग पर 4 लेन आरओबी, 39 करोड़ से 20 ग्रामीण एवं नगरीय सड़कों का चौड़ीकरण, 7.30 करोड़ से कैथी में मार्कण्डेय महादेव घाट से संगम घाट तक पहुंच मार्ग, 8.09 करोड़ से शिवपुर में ड्रग वेयर हाउस, 5.72 करोड़ से जिला चिकित्सालय, 1.15 करोड़ से डायट वाराणसी में ऑडिटोरियम एवं प्रशिक्षण भवन, 10.02 करोड़ से पीएसी भुल्लनपुर में 200 बेड की बैरक, 7.44 करोड़ से पुलिस लाइन में 150 बेड की बैरक, 5.07 करोड़ से वाराणसी के लिए यूनिफाइड टूरिस्ट पास, 2.25 करोड़ से वाराणसी सूचना वेब पोर्टल, 1.84 करोड़ से वाराणसी के 9 स्थानों पर स्मार्ट बस शेल्ट, 109 करोड़ से न्यू पीडीडीयू जंक्शन न्यू भाऊपुर डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, 564 करोड़ से बलिया-गाजीपुर दोहरीकरण, 213 करोड़ से इंदारा दोहरीघाट रेल लाइन खंड का गेज परिवर्तन, 80 करोड़ से जौनपुर जंक्शन-जौनपुर सिटी के बीच नई बाईपास कॉर्ड लाइन, 2.23 करोड़ कैंट रेलवे स्टेशन पर रेल अधिकारी भवन, 67.74 करोड़ से अलईपुर में 132/33 केवी विद्युत उपकेन्द्र, 8.41 करोड़ से बाबतपुर एयरपोर्ट पर टर्न पैड एवं लिंक टैक्सी ट्रैक, 6.89 करोड़ से बाबतपुर एयरपोर्ट पर फायर स्टेशन, 319 करोड़ से बैतालपुर, देवरिया में पेट्रोलियम ऑयल सुविधा.