देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को हुई इंडिया गठबंधन की बैठक को लेकर जमकर बयान बाजी हो रही है। विपक्ष लगातार इंडिया गठबंधन की हुई चौथी बैठक पर हमला बोल रहा है। अटकलें लगाई जा रही थी कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इंडिया गठबंधन की हुई चौथी बैठक में कोई पद मिल सकता था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस बीच आरएलजेडी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसा है।

उपेंद्र कुशवाहा ने अपने पोस्ट में आगे लिखा है कि अब तो इंडी गठबंधन ने नीतीश जी को पीएम उम्मीदवार बनाने से साफ मना कर दिया। इधर बिहार में लालू यादव जी भी नीतीश जी को सीएम कुर्सी छोड़ने का दबाव बनाएंगे और भाई साहब मान गए तो ठीक, नहीं तो राजद के लोग धकियाकर नीतीश जी को सीएम की कुर्सी से हटा देंगे। फिर तो बड़के भइया क्या पीएम और क्या सीएम…..सारे रेस से बाहर हो जाएंगे।

इस बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी कटाक्ष करते हुए कहा कि यह फोटो सेशन की चौथी बैठक थी, अच्छा-अच्छा फोटो सेशन हुआ। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आरजेडी प्रमुख लालू यादव पर भी गिरिराज सिंह ने हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी बात है कि लालू यादव और नीतीश कुमार प्रेस कॉन्फ्रेंस में नहीं रहे, बायकॉट करके निकल गए। अब क्या होगा उस इंडिया गठबंधन का? गिरिराज सिंह ने दावा करते हुए कहा कि गठबंधन टोटल फेल है, बस खाओ, पियो, फोटो घिचाओ जाओ।