बिहार : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जदयू के लोकसभा सदस्यों से कहा है कि अगले साल केंद्र की सत्ता में बदलाव के लक्ष्य के साथ वे सब अपने क्षेत्र में जाएं। चुनाव की तैयारी करें। वे बुधवार को नई दिल्ली के कामराज लेन स्थित आवास पर जदयू के लोकसभा सदस्यों से बातचीत कर रहे थे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह की अगुवाई में इन सांसदों ने नीतीश से मिलने की इच्छा जाहिर की थी। उन्हें चार बजे का समय मिला। करीब डेढ़ घंटे तक मुख्यमंत्री ने अपने सांसदों से बातचीत की।

इस दौरान जल संसाधन मंत्री संजय झा भी उपस्थित रहें। वहीं मुख्यमंत्री ने सांसदों के संसद से निलंबन पर चिंता प्रकट की। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। उन्होंने सांसदों से आग्रह किया कि वह अपने क्षेत्र की समस्याओं के बारे में बताएं। अगर समस्याएं राज्य सरकार से जुड़ी हैं तो उनका विवरण दें। सरकार तत्काल समाधान की दिशा में पहल करेगी। उन्होंने सभी सांसदों से बारी-बारी से उनके क्षेत्र की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। कटिहार के सांसद दुलालचंद गोस्वामी ने उन्हें बताया कि गंगा नदी का कटाव उनके क्षेत्र की बड़ी समस्या है।

राज्य सरकार अपने स्तर से प्रयास भी कर रही है। प्रयास तेज करने की जरूरत है। जहानाबाद के जदयू सांसद चंद्रेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी ने कहा कि जहानाबाद में रेल लाइन के ऊपर ट्राइ जंक्शन की जरूरत है। ताकि बिना जाम का सामना किए आम लोग गया और अरवल की तरफ जा सकें। उन्होंने कहा यह मांग पुरानी है।