पटना. बिहार में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी हुई एक बड़ी खबर सामने आई है. दरअसल बिहार सरकार जल्द ही बिहार में नई फिल्म पॉलिसी लागू करेगी. इस बात की घोषणा बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने पटना में युवा महोत्सव 2023 कार्यक्रम के विजेताओं को सम्मानित करते हुए कही. उपमुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री के एक बड़े निर्माता और अभिनेता संजय मिश्रा ने पिछले दिनों पटना में मुलाकात के दौरान जेपी मूवमेंट पर वेब सीरीज बनाने की बात कही.

तेजस्वी ने बताया कि जेपी मूवमेंट में उनके पिता लालू प्रसाद यादव की भी अहम भूमिका रही थी. तब वह पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष थे. तेजस्वी यादव ने कहा कि नई फिल्म पॉलिसी लागू होने के बाद बिहार में देश भर के लोग शूटिंग करने आ सकेंगे और ऐसे में यहां का माहौल बदलेगा. फिल्म पॉलिसी लागू हो जाने के बाद युवाओं को बड़े पैमाने पर राज्य में रोजगार के अवसर भी उपलब्ध हो सकेंगे.
तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि सरकार की खेल नीति के अंतर्गत मेडल लाओ नौकरी पाओ स्कीम के तहत बहुत जल्द राज्य के 81 खिलाड़ियों को बीडीओ, पुलिस इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्त किया जाएगा. तेजस्वी यादव ने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सरकार डीएसपी तक बनाएगी. उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल से बिहार में युवा महोत्सव बड़े पैमाने पर आयोजित किया जाएगा ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा और हुनर दिखाने का अधिक से अधिक मौका मिल सके.

