राजधानी पटना समेत आसपास का मौसम आज यानी शनिवार को शुष्क बना रहेगा। कुछ स्थानों पर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। वहीं उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, दक्षिण-पश्चिम भागों के एक या दो स्थानों पर हल्की वर्षा, मेघ गर्जन व वज्रपात की चेतावनी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तर-पश्चिम अफगानिस्तान, राजस्थान एवं प्रदेश के उत्तर-पूर्व भागों में चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र बना हुआ है। इनके प्रभाव से शनिवार की रात्रि से प्रदेश के अधिसंख्य भागों में वर्षा की संभावना है। दो से चार मार्च तक अलग-अलग स्थानों पर रुक रुक कर बारिश के आसार बताए गए हैं। जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिल सकता है। चार मार्च के बाद तापमान में क्रमिक वृद्धि संभव है। वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने मार्च के मौसम को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है।

इन जिलों में बारिश के आसार
बिहार के पूर्वी चंपारण, सिवान, पश्चिमी चंपारण, छपरा और गोपालगंज जिलों में छींटों के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। किसानों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। प्री मानसून के तहत मार्च में सामान्य से अधिक वर्षा, सामान्य से कम अधिकतम तापमान, सामान्य से अधिक न्यूनतम तापमान रहने की संभावना है।
मार्च में कितनी पड़ेगी गर्मी
15 मार्च के बाद बिहार में तापमान तेजी से ऊपर चढ़ेगा, यानी आपको दिन में तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि, प्रदेश में लू का कोई विशेष प्रभाव नहीं होगा। लू सामान्य रहेगा।

16 शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट
बीते 24 घंटों के दौरान पटना सहित 16 शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। 15.4 डिग्री सेल्सियस के साथ राजधानी का न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। जबकि, 9.5 डिग्री सेल्सियस के साथ किशनगंज में प्रदेश का सर्वाधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।वहीं पटना समेत प्रदेश के अधिसंख्य भागों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस व 31.7 डिग्री सेल्सियस के साथ मधुबनी में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। प्रमुख शहरों का तापमान : शहर अधिकतम न्यूनतम पटना 28.6 15.4 गया 29.4 11.2 भागलपुर 29.2 13.5 मुजफ्फरपुर 27.8 15.3 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)
