बिहार के लाखों शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सरकार ने ईद और रामनवमी पर छुट्टियों की घोषणा कर दी है। शिक्षकों की छुट्टियों को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ी बात कह दी। उन्होंने आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के कारण शिक्षकों को अवकाश से वंचित किए जाने को लेकर असंतोष जताया है। शिक्षा विभाग की ओर से जारी बयान के मुताबिक, बिहार सरकार ने सोमवार को स्कूल शिक्षकों के लिए ईद-उल-फितर और रामनवमी पर अवकाश की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने आदेश दिया है कि 10 और 11 अप्रैल को ईद-उल-फितर और 17 अप्रैल को रामनवमी का अवकाश रहेगा।

छुट्टियों को लेकर चर्चा में हैं शिक्षा विभाग
बता दें कि शिक्षा विभाग में अपर मुख्य सचिव बनने के बाद केके पाठक लगातार एक्शन में हैं। विभाग में कई बदलाव कर रहे हैं। इसको लेकर शिक्षा विभाग काफी चर्चा में भी रह रहा है। केके पाठक शिक्षकों की छुट्टियों में कटौती को लेकर भी पिछले साल आदेश जारी किए थे। इसमें कई त्योहारों की छुट्टी को रद्द कर दिया गया था, जिसकों लेकर काफी बवाल मचा था। जमकर राजनीति हुई थी। इस बार होली में कक्षा 1 से 5 तक के शिक्षकों को छुट्टी नहीं मिली थी। इन शिक्षकों को ट्रेनिंग दी गई थी। अब ईद की छुट्टी को लेकर भी डाउट हो गया था। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की आवासीय ट्रेनिंग का समय 8 अप्रैल से 13 अप्रैल तक रखा है। इसी बीच में 10 या 11 तारीख को ईद है। वहीं, इस मामले में सीएम नीतीश के हस्तक्षेप के बाद अब सब कुछ साफ हो गया है।

78 केंद्रों पर चल रहा प्रशिक्षण
राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) पुराने और नए भर्ती शिक्षकों के लिए आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण राज्य भर में सरकार के 78 केंद्रों पर आयोजित किया जा रहा है।


