विद्यार्थीगण कृपया ध्यान दें! इंटर व मैट्रिक फेल छात्रों की बिहार शिक्षा विभाग कर रहा तलाश

सीतामढ़ी जिला शिक्षा विभाग वैसे छात्र-छात्राओं को ढूंढ रही है, जो इंटर और मैट्रिक में फेल हो गए थे. दरअसल जिले में इंटर व मैट्रिक की परीक्षा में फेल होने वाले 10,962 छात्र-छात्राओं की सूची जारी की गई है. इन्हें ढूंढ़ने के लिए शिक्षा सेवकों को टास्क भी दिया गया है. इसमें मैट्रिक के 6691 व इंटर के 4271 छात्र-छात्राएं शामिल हैं. बता दें कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक व इंटरमीडिएट की परीक्षा में असफल होने वाले छात्र-छात्राओं को बि​हार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित परीक्षा शामिल कराने को अभियान शुरू कर दिया गया है. इस अभियान के तहत जिले में इंटर व मैट्रिक की परीक्षा में फेल होने वाले 10,962 छात्र-छात्राओं की सूची जारी की गई है.

Bihar Education Department: शिक्षा विभाग ने फिर जारी किया निर्देश, प्रमाण पत्र का सत्यापन कराएं नियुक्त शिक्षक

इसलिए इंटर में फेल छात्र-छात्राओं की हो रही तलाश
इन छात्र-छात्राओं के अभिभावकों से मिलकर परीक्षा फार्म भरवाने का भी दायित्व दिया गया है, ताकि अगले माह जून में बि​हार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली परीक्षा स​म्मिलित कराई जा सके. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी साक्षरता रिशु राज सिंह ने सभी केआरपी व शिक्षा सेवकों को निर्देश देते हुए कहा है कि अभियान के तहत इन छात्र-छात्राओं की खोज करें. इस सम्बंध में बिहार मुक्त विद्यालय शिक्षण व परीक्षा समिति पटना द्वारा ऐसे छात्र-छात्राओं को एक मौका दिया जा रहा है. इसमें केवल फेल विषय की परीक्षा भी देकर उत्तीर्णता का प्रमाण पत्र ले सकेंगे. इस योजना के तहत न्यूनतम 1 और अधिकतम 2 विषय का अंक पूर्व में दिए गए परीक्षा से मान्य किया जाएगा.

शुल्क हुआ निर्धारित, ऐसे करें आवेदन
इस योजना के तहत नामांकन व परीक्षा शुल्क के रूप में निर्धारित राशि BBOSS की वेबसाइट पर जमा कराना होगा. परीक्षा आवेदन ऑनलाइन भरा जाएगा और इसके लिए बोर्ड द्वारा निबंधन या नामांकन के रूप में तीन विषयों के लिए माध्यमिक पाठ्यक्रम के लिए 845 व उच्च माध्यमिक पाठ्यक्रम के लिए 935 रुपया लगेगा. वहीं चार विषयों के लिए माध्यमिक पाठ्यक्रम के तहत 935 व उच्च माध्यमिक पाठ्यक्रम के लिए 1055 रुपए परीक्षा शुल्क के रूप में जमा कराना होगा.

31 मई तक परीक्षा फार्म भरवाने की जिम्मेदारी
इसके तहत आगामी 31 मई तक परीक्षा फार्म भरवाने की जिम्मेवारी शिक्षा सेवकों को दी गई है. इसके लिए असफल परीक्षार्थियों की सूची विद्यालय के प्रधानाध्यापक व अध्ययन केंद्र के केंद्र समन्वयक को भेजी गई है. जिले के सभी 30 अध्ययन केंद्र के समन्वयक अपने विद्यालय के अनुत्तीर्ण परीक्षार्थियों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर इस योजना की जानकारी देंगे और परीक्षा फॉर्म भरवाएंगे.

    

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.