पटना: आज पटना में नीतीश कैबिनेट की बैठक हुई. जहां 36 महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित हुए. मंत्रिपरिषद ने उद्योग विभाग के अधीन हस्तकरघा एवं रेशम निदेशालय बिहार पटना के पुनर्गठन को स्वीकृति दे दी है.

वहीं, बिहार सांख्यिकी संवर्ग नियमावली 2024 को मंजूरी मिल गई है. कैबिनेट में बिहार खरीद अधिनमानता नीति 2024 को भी स्वीकृति मिल गई है. अब 20% राशि का सामान कंपनियों को बिहार से ही खरीदना होगा.

कैबिनेट ने बिहार कर्मचारी राज्य बीमा योजना महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता भारती प्रोन्नति एवं सेवा शर्त नियमावली 2024 को स्वीकृति दे दी है. कैबिनेट में संजय गांधी जैविक उद्यान पटना में टॉय ट्रेन शुरू करने का फैसला लिया गया है. इसके लिए 9 करोड़ 88 लाख 60 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है. वहीं, दानापुर रेल मंडल के माध्यम से इसे संचालित किया जाएगा.

इसके अलावे बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम लिमिटेड की प्राधिकृत अंश पूंजी 1 करोड़ से बढ़ाकर 5 करोड़ करने का निर्णय लिया गया है. राज्य के विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग राजकीय उच्च मार्ग पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग के विभिन्न सड़कों नगर विकास अंतर्गत सड़कों पर वाहनों के तीव्र गति के कारण दुर्घटना को कम करने के लिए अधिकतम गति सीमा निर्धारित करने के लिए परिवहन विभाग को एक कमेटी बनाने के लिए अधिकृत करने की स्वीकृति मिली है.

वहीं, बिहार राज्य अंतर्गत बैठकों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री होम स्टे बेड एंड ब्रेकफास्ट प्रोत्साहन योजना 2024 को स्वीकृति दे दी गई है.

19 जुलाई को हुई थी अंतिम बैठक
2 सप्ताह पहले 19 जुलाई को हुई कैबिनेट की बैठक में 27 एजेंडों पर मुहर लगी थी. बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति 2024 की स्वीकृति दी गयी है. जिसमें फिल्म निर्माता को अनुदान दिया जाएगा.

अनुदान के रूप में 2 करोड़ से लेकर 4 करोड़ तक की राशि दी जाएगी, जो पूरे देश में सबसे अधिक है. पंचायत निर्माण कार्य मैन्युअल की स्वीकृति भी दी गयी थी, जिसमें निविदा के माध्यम से ही पंचायत में अब काम कराया जा सकेगा.





