बिहार में निकलेगी बंपर भर्ती! नीतीश सरकार ने शुरू की तैयारी….

पटना: बिहार के अलग-अलग सरकारी विभागों के तहत कितने पद स्वीकृत हैं, कितने पद रिक्त हैं और स्थायी पदों के विरुद्ध संविदागत नियुक्तियां की गई या नहीं सरकार ने अब इसकी खोज खबर शुरू की है। स्वयं मुख्य सचिव (ब्रजेश मेहरोत्रा) के स्तर पर लगातार इसकी समीक्षा हो रही है।

हाल में मुख्य सचिव के निर्देश के बाद सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिवों को एक दिशा निर्देश जारी कर उनसे विभिन्न सेवा संवर्ग में स्वीकृत बल, कार्यरत बल और रिक्तियों की जानकारी तलब की गई है।

सामने आ रही रिक्त पदों की जानकारी

पत्र में मुख्य सचिव के स्तर पर हो रही समीक्षा का हवाला दिया गया है। संयुक्त सचिव द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि विभिन्न विभागों से समय-समय पर ऑनलाइन-ऑफलाइन सूचना मांगी गई।

जिसके बाद कई विभागों ने स्वीकृत बल, कार्यरत और रिक्त पदों के भिन्न-भिन्न आंकड़ों की जानकारी दी है। कई विभागों ने यह जानकारी दी कि नियमित नियुक्ति न होने से ऐसे पदों पर संविदागत नियुक्ति की गई है। कुछ विभागों ने पूर्ण रूप से संविदा नियुक्ति ही की।

संविदा नियुक्ति का डेटा भी मांगा

ऐसे विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अलग-अलग फार्मेट में यह जानकारी दें कि किन नियमित पदों के विरुद्ध संविदागत नियुक्ति की गई है। साथ ही जिन विभागों ने सिर्फ संविदा नियुक्ति की है वे अलग फार्मेट में जानकारी दें।

पत्र में कहा गया है कि स्पष्ट और सटीक जानकारी प्राप्त होने आवश्यक है, इसलिए नए सिरे से यह पत्र भेजा जा रहा है, ताकि विभागों के नियंत्रणाधीन सेवा, संवर्ग में स्वीकृत बल, कार्यरत बल एवं रिक्त पदों के संबंध में सरकार के पास स्पष्ट डाटा रहे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.