सीतामढ़ी में ट्रैफिक पुलिस की वसूली का वीडियो वायरल

प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं होने पर बाइक सवार व्यक्ति से सब इंस्पेक्टर की ओर से दो हजार रुपये वसूलने का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। मामला सामने आने पर डीएसएपी ने जांच के आदेश दिए हैं। शहर के कारगिल चौक पर वाहन चेकिंग के दौरान मेजरगंज क्षेत्र के विशनपुर गांव निवासी उपेंद्र सिंह की बाइक रोकी गई। तलाशी में कोई आपत्तिजनक चीज नहीं मिली। इस पर अफसर ने वाहन के कागजात दिखाने को कहा। उन्होंने सभी कागजात दिखाए। प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं दिखा सके।

पुलिस पदाधिकारी ने मांगे 11 हजार रुपये

उपेंद्र का आरोप है कि इस पर यातायात पुलिस पदाधिकारी ने उनसे 11 हजार रुपये मांगे। पांच हजार रुपये में मोलजोल करने लगे। नहीं देने की बात कहने पर पुलिस पदाधिकारी गुस्सा गए। वर्दी की धौंस दिखाते हुए कहने लगे कि आन ड्यूटी पुलिस पदाधिकारी से बहस करने के कारण अब आपको 11 हजार रुपये देने होंगे।

सड़क पर होने लगी तू-तू, मैं-मैं

दोनों के बीच कहासुनी और तू-तू, मैं-मैं होने लगी। अंत में उपेंद्र को प्रदूषण के नाम पर दो हजार रुपये देने पड़े। इसके बदले उन्हें चालान की कोई रसीद नहीं दी गई। इस पूरी घटना का वीडियो वहां उपस्थित किसी व्यक्ति ने बना इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.