मुजफ्फरपुर. पूर्व मेयर समीर कुमार की हत्या के दूसरे दिन सोमवार को शहर उबल पड़ा। समर्थकों ने खबड़ा मंदिर के सामने एनएच-28 समेत शहर के विभिन्न चौक-चौराहों को जाम कर जमकर बवाल किया। जगह-जगह आगजनी की और वाहनों के शीशे फोड़ डाले। बंद के दौरान प्रमुख बाजारों की दुकानें शाम तक बंद रहीं। विवि, स्कूल-कॉलेज व बैंकों को जबरन बंद करा दिया गया। बीएड के प्रथम ईयर की परीक्षा भी स्थगित हो गई।
एनएच-28 को किया जाम, विवि और बैंकों को भी जबरन बंद कराया,पूर्व मेयर की हत्या के खिलाफ बंद के दौरान तोड़फोड़, आगजनी व सड़क जाम।
कई संगठनों ने किया था बंद का ऐलान
हत्या के खिलाफ हिन्द सेना समेत कई संगठनों ने शहर बंद का ऐलान किया था। विभिन्न मोहल्ले से समर्थक पहले लंगट सिंह कॉलेज परिसर में जुटे और कॉलेज गेट के सामने सड़क पर पेड़ की डाल रखकर आवागमन अवरुद्ध कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने छाता चौक, लेनिन व बटलर चौक, कलमबाग चौक, मोतीझील, कल्याणी चौक आदि जगहों पर टायर, बांस-बल्ली आदि जलाकर जाम कर दिया। इस दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। बंद समर्थकों के इस आक्रोश को देख शहर का अधिकतर इलाका दहशत में रहा।
पूर्व मेयर के भाई अधिवक्ता संदीप कुमार के बयान पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने बताया है कि घटना के वक्त वह सीतामढ़ी में थे। छोटे भाई सुमित कुमार, मां और सांसद अजय निषाद ने कॉल कर समीर कुमार को गोली लगने जानकारी दी।
गरीब जनक्रांति पार्टी ने मंगलवार को मुजफ्फरपुर बंद का ऐलान किया है। पार्टी अध्यक्ष विजय कृष्ण ने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों को साजिश के तहत टारगेट किया जा रहा है।
पूर्व मेयर समीर कुमार की हत्या प्रॉपर्टी डीलिंग के कारण भूमि माफियाओं ने सुपारी देकर कांट्रैक्ट कीलर से कराई है। संदिग्धों से पूछताछ कर हत्यारे का सुराग लगाया जा रहा है। इसी क्रम में पड़ाव पोखर इलाके के एक व्यवसायी समेत 4 लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। सोमवार को समीर कुमार की अंतेष्टि हाजीपुर के कोन्हारा घाट पर की गई।
उधर, पुलिस टीम मुशहरी के एक शूटर की तलाश में छापेमारी कर रही है। शहर के एक चर्चित ठेकेदार के घर पर छापेमारी के साथ मनियारी और सकरा इलाके में भी पुलिस रेड कर रही है। एसएसपी हरप्रीत कौर ने बताया कि एसआईटी गठित की गई है। एफएसएल टीम ने सोमवार को समीर की कार की बॉडी व सीट से एके-47 की सात गोलियों का अग्र भाग निकाला है।