नालंदा: देश भर में होली की धूम गूंजने लगी है. इसको लेकर हर गली मोहल्ले में फागुन के गीत बजने शुरू हो गए है. इसी कड़ी में बिहार का मुजफ्फरपुर के कंपनी बाग में बाजार रंग-बिरंगी पिचकारी और बच्चों के खिलौनों से सज गया है.

इसके साथ ही रंग-बिरंगे हर्बल गुलाल भी लोगों की पहली पसंद बन गए हैं. बाजार में इस बार कई नए डिजाइन की पिचकारियां नजर आ रही है. उधर लोग अपने बच्चों के लिए उनकी जमकर खरीदारी भी कर रहे हैं.

इस बार बाजार में कुछ अनोखे डिजाइन की पिचकारियां आई है, जिसे आपने भी कभी नहीं देखा होगा. इसमें हथोड़ा और फरसे आदी के रूप में नए डिजाइन की पिचकरियां लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.

दुकानदारों और ग्राहकों ने बताया कि होली के त्यौहार को लेकर इस बार बाजार में कई तरह की नई-नई वैरायटी की पिचकारियां आई हुई है और उनके दाम भी बहुत ज्यादा नहीं है.

लोगों के बीच बढ़ी मोदी मास्क की डिमांड: वहीं दुकानदार राजीव सिंघला ने बताया कि होली के पर्व को लेकर लोगों में काफी उत्साह है और वो जमकर खरीदारी कर रहे हैं. इस बार बच्चों के लिए हथौड़े, कुल्हाड़ी, बांसुरी, त्रिशूल की शेप मे प्रेशर पिचकारी जैसी नई आइटम बाजार में आई है.

ग्राहकों को मोदी मास्क भी काफी पसंद आ रहा है और उसकी भी काफी डिमांड है. इन सब की कीमत 10 रुपये से लेकर 500 रुपये तक है.
