बिहार बजट सत्र का 12वां दिन आज, सदन में लालू परिवार पर ED की कार्रवाई को लेकर होगा भारी बवाल

बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का आज 12वां दिन है। बुधवार को लैंड फॉर जॉब केस में RJD सुप्रीमो लालू यादव से ED पूछताछ करेगी। इस मुद्दे को सदन में सत्ता पक्ष जोरशोर से उठाने की तैयारी में है।

बीते दिन ईडी ने पूर्व सीएम राबड़ी देवी और तेज प्रताप यादव से करीब 4 घंटे पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान ईडी ने राबड़ी देवी और तेजप्रताप यादव से कई सवाल किए थे। वहीं आज ईडी लालू यादव से पूछताछ करेगी।

करोड़ों की डकैती बनेगी मुद्दा

राज्य में बढ़ते अपराध को लेकर विपक्ष एक बार फिर सरकार को घेरने के मूड में है। पटना में मंगलवार को हुई एक करोड़ की डकैती को लेकर सदन में हंगामे के आसार हैं। विपक्षी दल दोनों सदनों में क्राइम ग्राफ में बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर हमला बोल सकते हैं। क्राइम कंट्रोल को लेकर सीएम डीजीपी और मुख्य सचिव के बैठक के 24 घंटे के अंदर अपराधियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है।

विधानसभा और विधान परिषद का एजेंडा

विधानसभा में आज अल्पसूचित और तारांकित प्रश्नों के उत्तर दिए जाएंगे। इसके साथ ही ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी। खनन एवं भूतत्व विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और शिक्षा विभाग से संबंधित सवालों के जवाब मंत्री देंगे। विधान परिषद में निवेदन समिति के 102वें प्रतिवेदन की प्रति सदन की मेज पर रखी जाएगी।

प्राइवेट स्कूलों में गरीब बच्चों के एडमिशन का मामला गरमाया

मंगलवार को सदन में गरीब बच्चों के प्राइवेट स्कूलों में 25% नामांकन नहीं होने का मामला उठा। विपक्षी विधायकों ने इस मुद्दे पर जमकर हंगामा किया। विधायक वेल में पहुंचकर टेबल पीटने लगे, जिससे सदन में अफरा-तफरी मच गई। स्पीकर ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा, “टेबल पलटने की कोशिश मत कीजिए, परिणाम बुरा होगा। कैमरामैन ऐसे विधायकों पर फोकस करें, उन पर कार्रवाई होगी।”

CM नीतीश ने विपक्ष को दिया जवाब

हंगामे के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक खड़े हो गए। उन्होंने कहा, “मेरे खिलाफ आप खूब बोलिए, मैं ताली बजाकर तारीफ करूंगा, लेकिन अगर कोई समस्या है तो लिखकर दीजिए। हम उस पर एक्शन लेंगे।” CM ने सदन में ही शिक्षा मंत्री को निर्देश दिया, “आप ध्यान से देखिए।” मुख्यमंत्री ने विपक्ष की शिकायत वाला कागज ACS (अपर मुख्य सचिव) के पास भिजवाकर मामले को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, “कमजोर वर्ग के लिए हम रात-दिन काम कर रहे हैं।”

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading