पटना : बिहार दिवस को लेकर राज्यभर में 22 मार्च से 24 मार्च तक कई कार्यक्रम हो रहे हैं. यही नहीं बिहार से बाहर भी पूरे देश में चुनावी साल में बीजेपी बिहार दिवस मना रही है. बीजेपी ने 70 स्थान पर बिहार दिवस मनाने का बड़ा अभियान बनाया है. यह 22 मार्च से 30 मार्च तक चलेगा जिसमें पार्टी के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे.

शाह का मिशन प्रवासी बिहारी..! : चुनावी साल में अमित शाह की बिहार फतह की रणनीति मानी जा रही है. बिहार से बाहर 3 करोड़ के करीब बिहारी प्रवासी रहते हैं और उसमें अधिकांश बिहार के वोटर हैं. छठ के समय इसमें से एक करोड़ के करीब बिहार आते हैं. कई बार चुनाव में अपनी बड़ी भूमिका भी निभाते हैं. इस बार का चुनाव भी दिलचस्प होनेवाला है, ऐसे में प्रवासी बिहारी पर सब की नजर है. बिहार दिवस के माध्यम से बीजेपी प्रवासी के बीच एक मैसेज देने की कोशिश करने वाली है.

दरअसल, पिछले छठ पूजा के दौरान रेलवे की ओर से जारी आंकड़े के अनुसार 78 लाख लोग दूसरे राज्यों से बिहार पहुंचे थे. वहीं केंद्र सरकार के एक आंकड़े के अनुसार ढाई करोड़ के करीब बिहार के लोग दूसरे राज्यों में रह रहे हैं. इन्हीं बिहारी प्रवासी पर बिहार के राजनीतिक दलों की नजर है.

बिहार का स्थापना दिवस : बिहार अपने स्थापना का 113 वां वर्ष मना रहा है. 22 मार्च, 1912 में बंगाल से बिहार अलग हुआ था. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2010 में बिहार दिवस मनाने का बड़ा फैसला लिया था. तब से लगातार इसका आयोजन हो रहा है. इस बार भी 22 मार्च से 24 मार्च तक पटना के गांधी मैदान में अब तक का सबसे बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है. बिहार सरकार की ओर से यह कार्यक्रम होगा.

BJP ने इसे अपना एजेंडा बनाया..! : देश और विदेश में भी बिहार दिवस पर कार्यक्रम होते रहे हैं, इस बार भी होंगे लेकिन इस बार बीजेपी ने पूरे देश में 70 स्थान को चयनित किया है. जहां बिहार दिवस का कार्यक्रम आयोजित होगा. एक भारत श्रेष्ठ भारत स्नेह मिलन कार्यक्रम के माध्यम से प्रवासी बिहारी को साधने की कोशिश होगी. बीजेपी के कई दिग्गज नेता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे.

बिहार के लोग विशेष कर दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, यूपी, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा, असम जैसे राज्यों में बड़ी संख्या में रहते हैं. इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा का चुनाव होना है तो बीजेपी की नजर विधानसभा चुनाव पर है. बिहार के प्रवासी पर जो चुनाव के समय बिहार लौट सकते हैं.
