दीपक कुमार
पटना/ गायघाट(मुजफ्फरपुर) बागमती विनाशकारी बांध परियोजना के खिलाफ चल रहे आंदोलन को और तेज करते हुए बागमती संघर्ष मोर्चा के बैनर तले विधानसभा के बाहर गर्दनीबाग स्थित धरना स्थल पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए हजारों की संख्या में बांध से प्रभावित लोग धरना प्रदर्शन में शामिल हुए।

इस संघर्ष को समर्थन देने पहुंचे नरकटियागंज के पूर्व मंत्री सह विधायक शमीम अहमद, गायघाट विधायक निरंजन राय, भाकपा के वरिष्ठ नेता धीरेंद्र झा और मीना तिवारी सहित कई सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सरकार पर हमला बोलते हुए बांध निर्माण रोकने की मांग की।

संघर्ष मोर्चा के संयोजक जितेंद्र यादव ने कहा कि यह बांध बागमती क्षेत्र के हजारों लोगों के जीवन और रोजी-रोटी के लिए खतरा बन चुका है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने इस विनाशकारी परियोजना को नहीं रोका, तो यह लड़ाई और तेज होगी और सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन जारी रहेगा।

धरना स्थल पर जुटे प्रभावित परिवारों ने भी बांध निर्माण के विरोध में एकजुट रहने और संघर्ष जारी रखने की शपथ ली। आंदोलनकारियों ने सरकार से बांध निर्माण पर रोक लगाने और प्रभावित लोगों के लिए स्थायी समाधान निकालने की मांग की।

बागमती क्षेत्र में जारी रहेगा संघर्ष
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार उनकी मांगें नहीं मानती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। संघर्ष मोर्चा ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
