पूर्व मध्य रेल को मिली ऐतिहासिक उपलब्धि, ग्रैंड कॉर्ड रेलखंड पर 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सफल स्पीड ट्रायल

रिपोर्ट : अमन कुमार “मॉन्टी”

हाजीपुर : पूर्व मध्य रेलवे ने एक और ऐतिहासिक मील का पत्थर छू लिया है। महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह के नेतृत्व में आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से प्रधान खांटा जंक्शन तक 160 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से स्पेशल ट्रेन द्वारा स्पीड ट्रायल को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। यह परीक्षण अप और डाउन दोनों लाइनों पर किया गया, जो पूर्व मध्य रेल के लिए गौरव का विषय बन गया है।

इस 412 किलोमीटर लंबे ग्रैंड कॉर्ड रेलखंड पर किए गए इस स्पीड ट्रायल ने न सिर्फ रेलवे की तकनीकी दक्षता को प्रमाणित किया, बल्कि यह भविष्य की तेज़, सुरक्षित और संरक्षित यात्रा की संभावनाओं को भी मजबूत करता है।

पूर्व मध्य रेल ने मिशन रफ्तार के तहत यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों की गति को प्राथमिकता दी है। इसी क्रम में ट्रैक के दोनों ओर सुरक्षा बाड़ लगाने का कार्य जारी है। बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के हिस्सों से होकर गुजरने वाले इस रेलखंड में प्रधानखंटा से लेकर धनबाद, गोमो, कोडरमा, गया, सोननगर होते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक कार्य लगभग पूरा हो चुका है।

इसके अतिरिक्त, इस रेलखंड पर ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली की स्थापना का कार्य भी तीव्र गति से जारी है, जो रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।

इस अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से गया तक पूर्व मध्य रेल के मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश गुप्ता तथा गया से प्रधान खांटा तक धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल किशोर सिन्हा, मुख्यालय व निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, तेज़ और भरोसेमंद सेवा प्रदान करने हेतु संकल्पबद्ध है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading