दीपक कुमार | गायघाट ।
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट विधानसभा अंतर्गत बरुआरी गांव में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद शनिवार को वैशाली सांसद वीणा देवी और गायघाट विधायक के प्रतिनिधि कोमल सिंह ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ितों को ढांढस बंधाया और प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिया।

घटना के संबंध में बताया गया कि पिछले शुक्रवार को बेनीबाद थाना क्षेत्र के बरुआरी मुशहरी के पास अचानक लगी आग ने करीब 20 घरों को जलाकर राख कर दिया। इस हादसे में कई परिवार बेघर हो गए और उनका सारा सामान, अनाज, कपड़े आदि जल गए।

सांसद वीणा देवी ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से त्वरित राहत और मुआवजे की प्रक्रिया तेज करने को कहा, वहीं कोमल सिंह ने स्थानीय प्रशासन से प्रभावितों के पुनर्वास और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

पीड़ित ग्रामीणों ने घटना की भयावहता को साझा करते हुए बताया कि तेज हवा और सूखे मौसम के चलते आग ने तेजी से फैलकर कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, मगर तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत सामग्री और आवश्यक सहायता पहुंचाई जा रही है, साथ ही प्रभावित परिवारों के लिए तात्कालिक व्यवस्था की जा रही है।
इस मौके पर कई समाजसेवी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी मौजूद थे, जिन्होंने प्रशासन से शीघ्र और पारदर्शी सहायता की मांग की।






