मुजफ्फरपुर। चित्रगुप्त एसोसिएशन मुजफ्फरपुर के संरक्षक प्रो. डॉ. राजीव कुमार (राजू) ने आगामी चुनाव को लेकर मतदाताओं से एक भावनात्मक अपील जारी की है। उन्होंने कहा कि यह संस्था चित्रांश समाज की धरोहर है और इसे सुरक्षित करने के लिए 2017 से 2022 तक भूख हड़ताल और आंदोलन जैसे कई संघर्ष किए गए।
उन्होंने बताया कि आंदोलन का ही परिणाम है कि अब संस्था का रजिस्ट्रेशन चित्रगुप्त एसोसिएशन, मुजफ्फरपुर के नाम से हुआ है। पहले इसका पंजीकरण जिला चित्रगुप्त एसोसिएशन नाम से था, जो एक लैंप्स संस्था के रूप में थी। आंदोलन के माध्यम से संविधान में कई महत्वपूर्ण संशोधन किए गए, जिनमें एकल पद पर दो बार ही रहने की सीमा, प्रत्येक तीन वर्ष पर चुनाव की अनिवार्यता, लीज प्रथा का अंत, और विवाह भवन का पंजी कार्यालय में पंजीकरण जैसे अहम बदलाव शामिल हैं।

डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि संस्था की सदस्य संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है और अब यह एक सरकारी स्तर पर मान्यता प्राप्त व संरक्षित संस्था बन चुकी है। उनका मानना है कि इस आंदोलन से न केवल संस्था मजबूत हुई, बल्कि समाज में लोकतंत्र और पारदर्शिता की भावना भी बढ़ी है।

उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा,
“चित्रांश समाज को मजबूत करने के लिए सजग रहिए और ऐसे योग्य, कर्मठ एवं ईमानदार व्यक्ति को ही अपना बहुमूल्य मत दीजिए, जो समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सके।”
डॉ. राजीव कुमार की यह अपील न सिर्फ एक चुनावी संदेश है, बल्कि एक सामाजिक चेतना भी है जो चित्रगुप्त समाज को संगठित और मजबूत बनाने की दिशा में प्रेरणा देती है।