पटना: भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच बिहार सरकार ने राज्य को पूरी तरह अलर्ट मोड में डाल दिया है। सीमाओं से लेकर अस्पतालों तक सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर राज्य में 2.25 लाख से अधिक वॉलंटियर और सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।

नदियों से लेकर आसमान तक कड़ी निगरानी रखी जा रही है। नेपाल बॉर्डर से लगे जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और हर अस्पताल में आपातकालीन स्थिति के लिए बेड आरक्षित कर दिए गए हैं।

सेना जैसी सतर्कता, हर मोर्चे पर तैयारी:
राज्य सरकार ने ‘वोकल फॉर लोकल’ फॉर्मूला अपनाते हुए स्थानीय सिविल डिफेंस, NCC, NSS, नेहरू युवा केंद्र और आपदा मित्रों को मैदान में उतारने का निर्णय लिया है। इन संगठनों के पास फील्ड की बेहतर जानकारी और अनुभव है, जिससे इमरजेंसी में बेहतर समन्वय हो सकेगा।
राज्यभर में 91,127 NCC कैडेट्स में 21,507 लड़कियां शामिल हैं, जिन्हें विशेष रूप से प्रशिक्षण देकर तैनात किया जा रहा है।

वॉलंटियर्स को बढ़ाया जाएगा, मानदेय में इजाफा:
आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि राज्य में सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स की संख्या को दोगुना किया जाएगा। इसके लिए विशेष पोर्टल बनाकर युवाओं को रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी जा रही है।
सरकार ने इनके मानदेय को भी बढ़ाकर 750 रुपये प्रतिदिन कर दिया है।
अफवाहों और साइबर प्रॉपगेंडा पर पैनी नजर:
पुलिस की साइबर पेट्रोलिंग टीम को सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और गलत सूचनाओं पर नजर रखने का आदेश दिया गया है। आपत्तिजनक वीडियो, भड़काऊ मैसेज और देशविरोधी कंटेंट पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फ्लाइट्स रद्द, छुट्टियाँ रद्द:
पटना से हिंडन (गाजियाबाद), चंडीगढ़ और भुवनेश्वर जाने वाली उड़ानों को 15 मई तक रद्द कर दिया गया है। वहीं, इमरजेंसी सेवा में लगे कर्मियों की छुट्टियाँ रद्द कर दी गई हैं।





