इस्लामाबाद/नई दिल्ली – भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में बढ़े तनाव के बीच शनिवार रात पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक बार फिर भारत पर झूठा आरोप लगाते हुए भड़काऊ बयान दिया। भारतीय समय के अनुसार रात 11:30 बजे पाकिस्तान को संबोधित करते हुए शरीफ ने दावा किया कि भारत ने पहले हमला किया, और पाकिस्तान इसका मुंहतोड़ जवाब देगा। करीब 12 मिनट लंबे इस संबोधन में शरीफ ने जंग को “अंजाम तक पहुंचाने” की बात कही और अपनी सेना की तारीफों के पुल बांधे।

भारत पर पहले हमले का झूठा दावा
शहबाज शरीफ ने अपने भाषण में कहा, “भारत ने हमला करके जो गलती की है, उसका खामियाजा उसे भुगतना होगा।” उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान की सेना और अवाम मिलकर दुश्मन को शिकस्त देंगे। साथ ही, उन्होंने भारत के खिलाफ साथ देने के लिए चीन, तुर्किए और सऊदी अरब का विशेष रूप से धन्यवाद किया।

सीजफायर के बीच भड़काऊ बयान
इससे कुछ घंटे पहले शाम 5:30 बजे भारत और पाकिस्तान के बीच 4 दिन से जारी संघर्ष को रोकने के लिए सीजफायर की घोषणा की गई थी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मध्यस्थता कर दोनों देशों को संघर्ष विराम के लिए राजी किया। ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा, “यूएसए की मध्यस्थता में रातभर चली बातचीत के बाद भारत और पाकिस्तान पूरी तरह से हमले रोकने के लिए सहमत हो गए हैं।

जंग को अंजाम तक ले जाने की धमकी: शरीफ की 6 बड़ी बातें
सेना को सलाम और जंग जारी रखने का ऐलान:
1. शरीफ ने आर्मी चीफ असीम मुनीर की तारीफ करते हुए कहा कि हम इस जंग को अंजाम तक पहुंचाकर दम लेंगे।
2. लश्कर बनकर लड़ने की बात: उन्होंने सेना और नागरिकों से एकजुट होकर दुश्मन का मुकाबला करने की अपील की।
3. दहशतगर्दी का बहाना: शरीफ ने दावा किया कि पाकिस्तान आतंकवाद से सबसे ज्यादा पीड़ित रहा है और 90 हजार नागरिकों की जान और 152 अरब डॉलर का नुकसान उठाया है।
4. पहलगाम हमले को लेकर आरोप: उन्होंने कहा कि भारत ने बिना जांच के पाकिस्तान पर हमला किया जो “बेबुनियाद” है।
5. कश्मीर मुद्दे को फिर उछाला: उन्होंने कश्मीर को “मुसलमा तनाजा” बताया और कहा कि कश्मीरी भाईयों को उनका हक मिलना चाहिए।
6. सेना की कार्रवाई पर दावा: शरीफ ने कहा कि पाकिस्तानी वायु सेना ने सरहद के भीतर रहकर भारतीय विमानों को मार गिराया।

सीजफायर के 3 घंटे बाद फिर पाकिस्तान का हमला
भारत ने शाम 6 बजे सीजफायर की आधिकारिक जानकारी दी थी, लेकिन पाकिस्तान ने सिर्फ 3 घंटे बाद ही इसे तोड़ते हुए कई भारतीय शहरों पर ड्रोन और गोलीबारी से हमला किया। इससे कई शहरों में ब्लैकआउट की नौबत आ गई। भारत ने इसकी कड़ी निंदा की है।
चीन ने पाकिस्तान को दिया समर्थन
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने पाकिस्तानी उप-प्रधानमंत्री इशाक डार से बातचीत में कहा कि चीन हर हालात में पाकिस्तान की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा में उसके साथ खड़ा रहेगा। इस बयान से क्षेत्रीय तनाव और अधिक बढ़ सकता है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का यह बयान न केवल तनाव को और भड़काता है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता के प्रयासों को भी कमजोर करता है। भारत की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन सीजफायर तोड़ने की पाकिस्तानी हरकत को लेकर कूटनीतिक जवाब देने की पूरी संभावना है।





